scorecardresearch

बेटे की चाहत में हैवान बना पिता! दो बेटियां पहले से हैं और अब तीसरी संतान भी बेटी होने पर 13 घंटे की मासूम का गला दबाकर मार डाला, अस्पताल में मचा हड़कंप 

जयपुर में बेटे की चाहत में एक पिता हैवान बन गया. उसने अपनी 13 घंटे की मासूम बेटी का गला दबाकर मार डाला. पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी पिता ने स्वीकार किया कि उसने अपनी ही बेटी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.

Advertisement
Symbolic Photo Symbolic Photo

जयपुर के दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित निम्स अस्पताल से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है. बेटे की चाहत में एक पिता इस कदर दरिंदा बन गया कि उसने अपनी महज 13 घंटे की नवजात बेटी का गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया. अस्पताल के वार्ड में हुई इस सनसनीखेज घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया. सूचना मिलते ही चंदवाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

सिजेरियन ऑपरेशन से बच्ची का हुआ था जन्म 
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना थाना क्षेत्र के बिछपड़ी निवासी 34 वर्षीय रवि कुमार यादव के रूप में हुई है. वह नीमराना की एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड के तौर पर कार्यरत है. 27 जुलाई को उसने अपनी पत्नी कोमल को प्रसव के लिए निम्स अस्पताल में भर्ती कराया था. 28 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे सिजेरियन ऑपरेशन से बच्ची का जन्म हुआ. दंपती की पहले से दो बेटियां हैं और तीसरी संतान भी बेटी होने के कारण आरोपी मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है.

... और तुरंत पुलिस को दी गई सूचना
दरअसल, ऑपरेशन के बाद प्रसूता को आईसीयू में रखा गया था. देर रात करीब 12 बजे नवजात बच्ची को देखभाल के लिए उसके पिता के पास छोड़ दिया गया. अस्पताल कर्मचारियों के मुताबिक रात करीब 3 बजे तक बच्ची लगातार रो रही थी, लेकिन अचानक उसकी आवाज बंद हो गई. इससे नर्सिंग स्टाफ को शक हुआ. जब बच्ची की जांच की गई तो वह मृत मिली. इस खुलासे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.

अपना जुर्म किया कबूल 
पूछताछ में आरोपी पिता ने स्वीकार किया कि उसने अपनी ही बेटी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. नर्सिंग कर्मी सुनीता शर्मा की शिकायत पर चंदवाजी थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद निम्स अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है. फिलहाल पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. उधर, मासूम बच्ची के दादा मुरारी लाल अपनी पोती के शव को लेकर अस्पताल और थाने के बीच भटकते रहे. इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करवा लिया है और पूरे मामले की जांच में जुटी है.