Jhansi Crime News
Jhansi Crime News
झांसी में एक बुजुर्ग की हत्या का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. चिरगांव थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नातिन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर 65 वर्षीय नाना की हत्या कर दी. दोनों ने पहले बुजुर्ग का गला दबाया और सिर पर पत्थर से वार किया. इसके बाद शव को घर के पीछे बने कुएं में फेंक दिया. परिवार ने इसे हादसा समझकर शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया. घटना का खुलासा तब हुआ, जब घर की सफाई के दौरान नातिन के खून से सने कपड़े मिले.
हादसा समझकर किया अंतिम संस्कार
मामला झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र के छिरौना गांव का है. करीब 65 वर्षीय रामदीन कुशवाहा अपनी पत्नी और 17 वर्षीय नातिन कंचन के साथ रहते थे. 12 सितंबर की शाम उनकी पत्नी मजदूरी से घर लौटीं तो रामदीन घर पर नहीं मिले. कंचन से पूछने पर उसने बताया कि उसे नाना के बारे में जानकारी नहीं है.
परिवार और ग्रामीणों ने रात तक रामदीन की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला. अगले दिन कंचन ने बताया कि उसने नाना को घर के पीछे कुएं की तरफ जाते देखा था. इसके बाद कुएं में तलाश की गई तो रामदीन का शव मिल गया. सिर पर चोट के निशान भी थे. रामदीन के शराब पीने की आदत को देखते हुए परिवार ने इसे हादसा माना और शव का अंतिम संस्कार कर दिया.
सफाई के दौरान मिले खून से सने कपड़े
हत्या का राज तब खुला, जब परिजन घर की सफाई कर रहे थे. इसी दौरान कंचन के खून से सने कपड़े मिले. कपड़ों पर खून देखकर परिवार ने उससे पूछताछ की. इसके बाद कंचन ने पूरी घटना के बारे में बताया. पूछताछ में कंचन ने बताया कि वह पड़ोस में रहने वाले विशाल से प्रेम करती है. घटना वाले दिन दोनों घर में साथ बैठे थे. इसी दौरान रामदीन वहां पहुंच गए और उन्होंने दोनों को साथ देख लिया. कंचन के मुताबिक, बदनामी के डर से विशाल ने रामदीन का गला दबा दिया. इसके बाद कंचन रोटी बनाने वाला पत्थर का चकला लेकर आई और रामदीन के सिर पर वार कर दिया. चोट लगने के बाद रामदीन अचेत हो गए. इसके बाद दोनों ने उन्हें उठाकर घर के पीछे बने कुएं में फेंक दिया.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने नाबालिग नातिन और पड़ोसी विशाल के खिलाफ केस दर्ज किया. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया है. मामले में आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: