scorecardresearch

पुलिसवालों ने युवक को डंडे से पीटा, वीडियो वायरल

यूपी के झांसी में पुलिस के एक्शन का वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें कुछ युवक दौड़कर भाग रहे हैं और पुलिस वाले कुछ युवकों को पकड़े हुए हैं. बताया जा रहा है कि पुलिस ने युवकों को थप्पड़ और डंडे से पिटाई की. वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं.

Advertisement
Jhansi Viral Jhansi Viral

उत्तर प्रदेश के झांसी में शहर कोतवाली थाना क्षेत्र की पानी वाली धर्मशाला के पास पुलिस की कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. करीब 1 मिनट 58 सेकेंड के इस वीडियो में कुछ युवक आपस में झगड़ते नजर आ रहे हैं. इसी दौरान मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर रविकांत गौतम एक युवक को पकड़कर किनारे ले जाते दिखाई देते हैं. वीडियो में दारोगा युवक को थप्पड़ और डंडे से पिटाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं. इतना ही नहीं, वीडियो में युवक को कॉलर पकड़कर कुछ दूरी तक ले जाते हुए भी पुलिसकर्मी नजर आ रहा है.

क्या था मामला?
बुधवार को एक बार फिर युवकों के बीच विवाद होने की सूचना पुलिस को मिली. बताया जा रहा है कि कुछ युवक आपस में झगड़ रहे थे और एक-दूसरे पर ईंटें फेंकने की बात भी सामने आई. विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद लोगों ने कुछ युवकों को पकड़ लिया. इसी बीच पुलिस को सूचना दी गई.

वायरल वीडियो में क्या है?
सूचना मिलने के बाद सब इंस्पेक्टर रविकांत गौतम मौके पर पहुंचे. वायरल वीडियो में एक व्यक्ति कुछ युवकों को पकड़े हुए दिखाई देता है और पुलिसकर्मी को घटना के बारे में जानकारी देता नजर आता है. इसके बाद दारोगा एक युवक के पास पहुंचते हैं और उसे पकड़कर किनारे ले जाते दिखाई देते हैं. वीडियो में पुलिसकर्मी के हाथ में डंडा भी नजर आ रहा है. आरोप है कि इसी डंडे से युवक की पिटाई की गई. वीडियो में युवक पुलिसकर्मी के सामने गिड़गिड़ाता नजर आता है, जबकि आसपास कई लोग मौजूद हैं.

घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने मोबाइल से पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड कर लिया. अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहा है.

बताया जा रहा है कि शहर कोतवाली क्षेत्र में पानी वाली धर्मशाला के पास एक गर्ल्स स्कूल भी है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, आसपास की कॉलोनियों में अक्सर युवकों का आना-जाना रहता है. मंगलवार को भी कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. स्थानीय लोगों ने युवकों को वहां से खदेड़ दिया और पुलिस को सूचना दी.

झगड़े की मिली थी सूचना- पुलिस
वहीं मामले में सीओ सिटी रामवीर सिंह का कहना है कि मंगलवार को पानी वाली धर्मशाला मोहल्ले के एक स्थानीय निवासी ने पुलिस को फोन कर कुछ युवकों द्वारा उत्पात मचाने की सूचना दी थी. पुलिस के पहुंचने से पहले युवक वहां से भाग गए थे.

सीओ के मुताबिक, बुधवार को वही युवक दोबारा मोहल्ले में झगड़ते मिले. सूचना मिलने पर सब इंस्पेक्टर रविकांत गौतम मौके पर पहुंचे. पुलिस को देखकर कुछ युवक भाग गए, जबकि करीब छह युवकों को पकड़ लिया गया. पुलिस का दावा है कि पकड़े जाने के बाद भी युवक शांत नहीं हुए, जिसके चलते उन्हें नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया और थाने लाया गया.

युवकों के खिलाफ की गई कार्रवाई-
पुलिस के अनुसार, युवकों के खिलाफ शांति भंग करने के आरोप में चालान की कार्रवाई की गई है. पुलिस की ओर से यह भी बताया गया है कि वीडियो में दिखाई दे रहे युवक नाबालिग बताए जा रहे हैं.

एसएसपी ने जांच के दिए आदेश-
वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है. झाँसी एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने पूरे मामले की जांच सीओ सिटी रामवीर सिंह को सौंप दी है. एसएसपी ने जांच अधिकारी से 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट मांगी है.

एसएसपी के मुताबिक, जांच में यदि दारोगा की ओर से नियमों का उल्लंघन या अनावश्यक बल प्रयोग किए जाने की पुष्टि होती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. हालांकि, पुलिस का कहना है कि युवक आपस में झगड़ रहे थे और मौके पर पहुंचने के बाद भी शांत नहीं हो रहे थे. पुलिस के मुताबिक, स्थिति नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया और युवकों को थाने लाया गया. मामले में सभी युवकों के खिलाफ शांति भंग करने की कार्रवाई की गई है.

ये भी पढ़ें: