Jhunjhunu News
Jhunjhunu News
राजस्थान के झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के अगवाना खुर्द गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. यहां एक महिला कि हत्या करके उसके शव को घर में रखे संदूक में छिपा दिया गया. घटना का खुलासा होने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. इस घटना की सूचना मिलते ही सूरजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, संदूक खुलवाया तो उसमें महिला का शव मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
मारकर संदूक में छिपाया-
सूरजगढ़ थानाधिकारी रामसिंह यादव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अगवाना खुर्द निवासी कृष्ण कुमार जाट के घर में एक संदूक के अंदर महिला का शव रखा हुआ है. इस सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच के दौरान संदूक से महिला का शव बरामद किया गया. मृतका की पहचान आरोपी की पत्नी के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है. पुलिस के अनुसार महिला के दोनों हाथ बंधे हुए मिले हैं. घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं. एफएसएल टीम की मदद से भी महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं.
साल 2009 में हई थी शादी-
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी कृष्ण कुमार जाट की शादी वर्ष 2009 में हुई थी. प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार घटना से पहले पति-पत्नी के बीच शराब पीने के लिए रुपये मांगने को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि पत्नी सिलोचना फौगाट द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और इसी दौरान महिला की हत्या कर शव को संदूक में छिपा दिया गया. पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. शव को सूरजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में भिजवाया गया है, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी.
पूछताछ के बाद होगी कार्रवाई- पुलिस
थानाधिकारी रामसिंह यादव ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल साक्ष्यों और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस सनसनीखेज वारदात के बाद अगवाना खुर्द गांव में दहशत और शोक का माहौल है. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए. यह पूरी घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है.
ये भी पढ़ें: