Kanpur Viral Video
Kanpur Viral Video
कानपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जहां 2 मिनट के वीडियो में एक महिला, 2 लड़कियों के साथ मिलकर एक युवक को चप्पलों से मार रही हैं. 2 मिनट में इन महिलाओं ने युवक को 40 चप्पल मार दिए. इस दौरान इन महिलाओं ने ड्राइवर को कई थप्पड़ भी मारे.
दोनों पक्ष का क्या कहना है?
लड़कियों का आरोप था कि ऑटो चालक ने उनको जाति सूचक शब्द कहा. ऑटो चालक का कहना है कि लड़कियों ने खुद मुझे गाली दी. मैंने ऐसा कुछ नहीं कहा. दारोगा ने भी मुझे थप्पड़ मारे और चालान कर दिया. बाद में ऑटो ड्राइवर अपनी पत्नी के साथ डीसीपी ऑफिस पहुंचा और शिकायत की. ड्राइवर का आरोप है कि मैं ब्राह्मण हूं. इसलिए मेरी कोई सुनवाई नहीं हो रही है. वह दलित थे. इसलिए उनकी एकतरफा कार्रवाई हो गई.
आखिर क्यों हुआ झगड़ा?
कानपुर में गुजैनी के रहने वाले ऑटो चालक विकास मिश्रा का आरोप है कि मैं अपनी ऑटो लेकर 10 तारीख को जा रहा था. तभी स्कूटी से जा रही 2 लड़कियों ने मुझपर कमेंट किया. ये पहले भी मुझपर कमेंट करती रही हैं. उस दिन भी उन लड़कियों ने मुझे गाली दी तो मैंने बोला कि रुको, रुको. इसके बाद दोनों ने मुझे पीटने लगीं.
उसके बाद वो दोनों चली गईं और एक महिला के साथ आईं. उनके साथ 2-3 लोग और भी थे. सबने मिलकर मुझे चप्पलों से पीटा. मुझ पर फावड़ा से हमला करने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस को फोनकर बुलाया. पुलिस मुझे थाने ले गई. दारोगा ने मुझे 5 थप्पड़ मारे और चालान कर दिया.
ड्राइवर ने बताया कि 4-5 दिन से मेरी कोई सुनवाई नहीं हुई. मैं अपनी शिकायत देने के लिए थाने का चक्कर लगा रहा हूं.
आरोपी की पत्नी- मेरा ब्राह्मण होना अपराध है?
आरोपी विकास की पत्नी नेहा मिश्रा का कहना है कि हम लोग ब्राह्मण हैं? क्या यह अपराध है? वे लोग दबंग हैं. बुरी तरह हमारे पति को चप्पल से मारा. सबके सामने मारा. उस समय हमारे पास कोई सबूत नहीं था. अब वीडियो मिल गया है. हमने डीसीपी ऑफिस में सब रिकॉर्ड दिया. लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है.
पुलिस ने क्या कहा?
इस मामले पर पुलिस ने पहले तो कुछ नहीं बोला. लेकिन जब यह वीडियो मारपीट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. उसके बाद पुलिस के मीडिया सेल पर एक सफाई पुलिस की तरफ से आई है. जिसमें कहा गया है कि घटना 10 तारीख की है. जिसमें ऑटो चालक ने लड़कियों को जाति सूचक शब्द कहे थे. जिसपर पुलिस ने एससी-एसटी धारा में रिपोर्ट लिखकर उसका चालान किया. बाकी मामले की जांच की जा रही है.
(रंजय सिंह की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: