People at the Jeweler's Shop After the Theft
People at the Jeweler's Shop After the Theft
राजस्थान के कोटा जिले के सुल्तानपुर क्षेत्र में ज्वेलर्स की दुकान पर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है. भोरा चौराहे पर स्थित ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाकर नकाबपोश बदमाश करीब 70 लाख रुपए के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए. बदमाश स्विफ्ट कार से वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि पांच से ज्यादा बदमाशों ने महज तीन मिनट में चोरी की वारदात को अंजाम दिया और तिजोरी लेकर फरार हो गए.
पहले दुकान के शटर का तोड़ा ताला
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने पहले दुकान के शटर का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए. इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का प्लग निकाल दिया, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड नहीं हो सकें. बदमाश दुकान में रखी पूरी तिजोरी उठाकर बाहर लाए और उसे स्विफ्ट कार में रखकर मौके से फरार हो गए.
सीसीटीवी कैद हुई चोरी की पूरी वारदात
चोरी की पूरी वारदात पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की कार और उनकी गतिविधियों की जांच की जा रही है. ज्वेलर्स ने दीपावली के लिए हाल ही में लाखों रुपए के नए जेवरात मंगवाए थे. ऐसे में चोरी हुए माल की कीमत करीब 70 लाख रुपए बताई जा रही है. वारदात के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भारी आक्रोश है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की. बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.