scorecardresearch

Video: 2 KM तक बाइक को घसीटती रही CNG सिलेंडरों से लदी DCM, पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में रोका

यूपी की राजधानी लखनऊ में पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया. दरअसल एक डीसीएम ने एक बाइक को टक्कर मार दी. बाइक डीसीएम के आगे फंस गई. इसके बाद ड्राइवर 2 किलोमीटर तक बाइक को घसीटते हुए ले गया. डीसीएम के पीछे पुलिस की गाड़ी थी और पुलिसवाले बार-बार चिल्ला रहे थे कि गाड़ी रोको, गाड़ी रोको. लेकिन नशे में धुत ड्राइवर गाड़ी नहीं रोक रहा था. डीसीएम में सीएनजी गैस सिलेंडर भरा हुआ था.

Lucknow News Lucknow News

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी से शनिवार रात एक बहुत बड़ा हादसा होते-होते रह गया. दरोगा खेड़ा इलाके में सीएनजी गैस सिलेंडरों से भरी एक तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक डीसीएम के अगले हिस्से में फंस गई और ड्राइवर उसे करीब 2 किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया.

2 किमी तक बाइक को घसीटती रही DCM-
रूह कंपा देने वाले इस वाकये के दौरान सड़क पर घिसट रही बाइक से लगातार भयंकर चिंगारियां निकल रही थीं. चूंकि डीसीएम में भारी मात्रा में सीएनजी गैस सिलेंडर लदे हुए थे. इसलिए किसी भी पल भीषण ब्लास्ट या आग लगने का खतरा बना हुआ था. गनीमत रही कि पीछे चल रही कृष्णानगर ट्रैफिक पुलिस की नजर इस पर पड़ गई और उन्होंने तत्परता दिखाई.

डीसीएम में फंस गई बाइक-
पुलिस के अनुसार , बंथरा इलाके के रहने वाले शिवांश मिश्रा हजरतगंज की एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं. शनिवार रात करीब 10 बजे वो ड्यूटी से घर लौट रहे थे. तभी सरोजनीनगर में कानपुर रोड स्थित स्कूटर इंडिया चौराहे के पास वो पानी पीने के लिए रुके. शिवांश जैसे ही पानी की बोतल बैग में रख रहे थे, तभी पीछे से आ रही डीसीएम (UP-32 TN 9240) ने बाइक को उड़ा दिया. इस भीषण टक्कर में शिवांश तो छिटककर सड़क किनारे गिरे और बाल-बाल बच गए, लेकिन उनकी बाइक गाड़ी के नीचे फंस गई. 

पुलिस ने दिखाई मुस्तैदी-
हादसे के बाद भी ड्राइवर रुका नहीं और बंथरा की तरफ भागने लगा. पुलिस जीप पर सवार ट्रैफिक कर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया. लेकिन वह रफ्तार बढ़ाता रहा. आखिरकार सिलेंडरों में आग लगने के बड़े खतरे को देखते हुए पुलिस ने अपनी जीप आगे अड़ाकर डीसीएम को ओवरटेक किया और दरोगा खेड़ा के पास उसे घेरकर रुकवाया. 

पकड़ा गया डीसीएम ड्राइवर-
पकड़े जाने पर पता चला कि डीसीएम चालक पूरी तरह नशे में धुत था. ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत आरोपी ड्राइवर और गाड़ी को सरोजनी नगर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान उन्नाव के सोहरामऊ निवासी सज्जन के रूप में हुई है. पीड़ित शिवांश की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की पूछताछ कर रही है.

ये भी पढ़ें: