Accused in Police Custody
Accused in Police Custody
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में दोस्ती और भरोसे के कत्ल का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां चंद रुपए के लालच में एक युवक ने अपने ही जिगरी दोस्त को पहले शराब पिलाई, फिर करंट लगाकर तड़पा-तड़पाकर मार डाला. शातिर कातिल ने इसे हादसा दिखाने के लिए शव को पड़ोसी के घर के बाहर फेंक दिया. बिजनौर थाना पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है.
संदिग्ध हालात में मिला था शव
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 1 अक्टूबर को रहीमाबाद निवासी मेडीलाल ने अपने बेटे सचिन उर्फ राजा की हत्या की तहरीर दी थी. सचिन का शव संदिग्ध हालात में मिला था. डीसीपी साउथ मो. मुश्ताक ने बताया कि पुलिस ने 26 वर्षीय नामजद आरोपी बिरजू को दबोच लिया है. पुलिस हिरासत में आरोपी बिरजू ने जो कबूलनामा किया, उसने खाकी को भी सन्न कर दिया.
और बेसुध सचिन को तेज करंट का झटका दे दिया
बिरजू ने बताया कि 28 सितंबर को सचिन को पैसों की सख्त जरूरत थी. पैसे का कोई और इंतजाम न होने पर सचिन ने अपनी बाइक गिरवी रख दी. इसके बाद दोनों दोस्तों ने गिरवी रखे पैसों से शराब खरीदी और बिरजू के कमरे पर जमकर जाम छलकाए. शराब के नशे में जब सचिन बेसुध होकर बिस्तर पर पड़ गया, तो उसके पास बचे पैसों को देखकर बिरजू की नीयत डोल गई. उसने तुरंत सचिन को रास्ते से हटाने की साजिश रची और कमरे में रखे लोहे के कूलर व बिजली के खुले तार के जरिए उसने बेसुध सचिन को तेज करंट का झटका दे दिया. इससे चंद मिनटों में सचिन की तड़प-तड़पकर मौत हो गई.
हत्या को हादसा दिखाने की कोशिश
कत्ल के बाद आरोपी ने सचिन की जेब से बचे हुए 2250 रुपए निकाले और लाश को घसीटकर पास के एक घर के बाहर फेंक आया. पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसने सोचा था कि करंट लगने की बात सामने आने पर पुलिस और गांव वाले इसे महज एक हादसा समझेंगे, लेकिन पुलिस की सख्ती ने उसकी पूरी प्लानिंग फेल कर दी. पुलिस ने आरोपी बिरजू की निशानदेही पर कत्ल में इस्तेमाल बिजली का तार, लोहे का कूलर और 2250 रुपए बरामद कर लिए हैं. मुकदमे में सबूत मिटाने और लूट से जुड़ी बीएनएस की धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी बिरजू का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है.