Police investigating at the scene of the incident
Police investigating at the scene of the incident
Husband killed His Wife and Three Children: मध्य प्रदेश के दमोह जिले के मगरोन थाना क्षेत्र के ग्राम कबीरपुर में शनिवार सुबह एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद पति ने पत्नी और तीन बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. चारों की मौके पर मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी पति द्वारका पटेल कुल्हाड़ी लेकर घर के बाहर बैठा था, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
6 माह पहले भी हुआ था विवाद
मृतकों की पहचान खेमा बाई (27), उर्मिला (7), उमेश (4) और राजा पटेल (1) के रूप में हुई है. घटना शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है. सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम सबसे पहले मौके पर पहुंची. इसके बाद मगरोन थाना पुलिस और दमोह एसपी आनंद कलादगी घटनास्थल पर पहुंचे. छह माह पहले भी विवाद हुआ था. इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी. एसपी आनंद कलादगी का कहना है कि, पति-पत्नी के बीच करीब एक साल से विवाद चल रहा था. पत्नी की ओर से मगरोन थाने में धारा 498 के तहत मामला दर्ज कराया गया था. शुक्रवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद पत्नी के पिता आरोपी को समझाने के लिए गांव पहुंचे थे. पुलिस के मुताबिक रात में विवाद के बाद पत्नी और बच्चे सो गए. इसके बाद सुबह करीब 4:30 बजे आरोपी ने कुल्हाड़ी से पत्नी और तीन बच्चों पर हमला कर दिया. चारों की मौत हो गई.
एसपी बोले- फॉरेंसिक जांच के बाद पोस्टमार्टम
घटना की सूचना सुबह करीब 6 बजे पुलिस को मिली. एसपी ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो चारों के शव मिले और आरोपी कुल्हाड़ी के साथ घर के बाहर मौजूद था. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर से आईजी, डीआईजी और एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंच रही हैं. घटनास्थल का फॉरेंसिक परीक्षण होने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के कारणों और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटा रही है.
(शांतनु भरत की रिपोर्ट)