scorecardresearch

Maharashtra Crime News: पत्नी के चरित्र पर था शक! पति ने दोपहर में किया झगड़ा और शाम को खेत में ले जाकर मार डाला, जानें पूरा मामला 

महाराष्ट्र के धाराशिव में एक पति ने पत्नी के चरित्र पर शक होने पर उसकी हत्या कर दी है. हत्या से पहले पत्नी के कथित अनैतिक संबंधों को लेकर VIDEO भी बनाया था. चार साल के मासूम बेटे के सामने उसकी मां का कत्ल कर दिया. वारदात के बाद आरोपी पति फरार है. 

Advertisement
Police and others present at the scene Police and others present at the scene

महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के कलंब में पत्नी के चरित्र पर शक ने एक परिवार को उजाड़ दिया. गणेश शिवाजी टेकाले पर अपनी पत्नी कोमल टेकाले की पत्थर से कुचलकर हत्या करने का आरोप है. वारदात के बाद आरोपी पति फरार हो गया. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पूरी घटना के दौरान उनका करीब चार साल का मासूम बेटा भी मौजूद था. हत्या से पहले पत्नी के कथित अनैतिक संबंधों को लेकर VIDEO बनाया गया. इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ और शाम को गणेश पत्नी को बाइक पर बैठाकर खेत में ले गया. वहां पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी.

चरित्र पर शक को लेकर पत्नी का VIDEO बनाया
गणेश अपनी पत्नी कोमल के चरित्र पर शक करता था. इसी को लेकर उसने कोमल का वीडियो रिकॉर्ड किया. वीडियो में कथित अनैतिक संबंधों को लेकर उससे कबूलनामा कराया गया. यह वीडियो रिश्तेदारों और कुछ अन्य लोगों को भेजे जाने की जानकारी सामने आई है. वीडियो के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद और बढ़ गया. बुधवार दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच गणेश और कोमल के बीच जोरदार विवाद हुआ. इसके कुछ घंटे बाद शाम करीब 6 बजे गणेश पत्नी को बाइक पर बैठाकर कलंब-येरमाला मार्ग पर हासेगांव (केज) इलाके के ज्वारी के खेत में ले गया. यहीं विवाद ने खूनी रूप ले लिया. कोमल के साथ मारपीट की और फिर पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी.

मासूम बेटे के सामने मां का कत्ल
वारदात के वक्त कोमल का करीब चार साल का बेटा भी मौके पर मौजूद था. उसकी आंखों के सामने उसकी मां की हत्या कर दी गई. घटना के बाद इसी मासूम ने पुलिस को घटनास्थल दिखाया. इस घटना से कलंब इलाके में सनसनी फैल गई. हत्या के दौरान मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड किए जाने की जानकारी सामने आई है. इसके बाद व्हॉट्सअप स्टेट्स भी लगाया गया. स्टेटस में लिखा गया था- “उसने मुझे धोखा दिया, उसे मैंने सजा दी है”. पुलिस अब मोबाइल वीडियो और व्हॉट्सअप स्टेट्स की जांच कर रही है. ये डिजिटल सबूत हत्या से पहले और बाद के घटनाक्रम को समझने में अहम हो सकते हैं.

इंजीनियर है आरोपी, बेरोजगारी और नशे की भी चर्चा
गणेश टेकाले इंजीनियर है और फिलहाल बेरोजगार था. वह पुनर्वसन सावरगांव में रहता था. पिछले कुछ दिनों से उसके नशे की गिरफ्त में होने की भी जानकारी सामने आई है. पत्नी की हत्या करने के बाद गणेश टेकाले घटनास्थल से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा किया. फॉरेंसिक टीम की मदद से सबूत भी जुटाए गए हैं. पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं.

(गणेश जाधव की रिपोर्ट)