Mau Crime
Mau Crime
उत्तर प्रदेश में मऊ पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है. जिले में एक युवक को उसके दो दोस्तों ने मिलकर मौत के घाट उतार दिया. मृतक युवक बलवंत , विवेक और देवेंद्र तीनो आपस में दोस्त थे. बलवंत का अपने दोस्त विवेक की गर्लफ्रेंड और दूसरे दोस्त देवेंद्र की पत्नी पर नजर थी. जब इसकी भनक देवेंद्र और विवेक को हुई तो उन्होंने बलवंत को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या कर दी.
2 दोस्तों ने तीसरे साथी को मार डाला-
दोनों दोस्तो ने योजना बनाई और योजना के मुताबिक दोनों ने बलवंत को शराब पार्टी के बहाने रात में गांव के ट्यूबेल पर बुलाया. पहले दोनों ने मिलकर बलवंत के साथ शराब पिया और उसको काफी ज्यादा शराब पिला दिया. जब बलवंत ज्यादा नशे में हो गया, तब उन दोनों ने मिलकर बेसबॉल के डंडे से उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला करके उसकी हत्या कर दी. हत्या करने के बाद इन दोनों ने मृतक का मोबाइल उसकी जेब से निकालकर छिपा दिया और फरार हो गए.
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा-
पुलिस ने इस हत्याकांड को खुलासा करने के लिए टीमें बनाई. इसके बाद पुलिस ने मृतक के दो दोस्तों देवेंद्र और विवेक को दबोच लिया. पुलिस ने मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बेसबॉल भी बरामद कर लिया है.
क्या था पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक 04 अगस्त को थाना हलधरपुर क्षेत्र के गहनी गांव के रहने वाले प्रदीप कुमार सिंह के द्वारा सूचना दी गयी थी कि उनका लड़का बलवंत सिंह जिसकी उम्र 28 साल है. वह 3 अगस्त को ट्यूबवेल से पानी भरने गया था, जो अभी तक घर वापस नहीं लौटा और चार अगस्त की सुबह खेत की मेड़ के पास उसका शव मिला. जिसके सिर पर चोट के गंभीर निशान थे. तहरीर के आधार पर थाना हलधरपुर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया. इसके बाद थाना हलधरपुर पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए गहनी गांव के रमेश सिंह के ट्यूबेल के पास से अभियुक्त विवेक सिंह उर्फ सिट्टू और सेमराजपुर चट्टी के पास से देवेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया है.
एक की पत्नी, एक की गर्लफ्रेंड पर थी नजर-
पुलिस की पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने अपना जुर्म कबूल किया और बताया कि मृतक बलवंत सिंह का अभियुक्त विवेक सिंह की परिचित महिला और अभियुक्त देवेंद्र यादव की पत्नी के साथ संपर्क/निकटता को लेकर विवाद चल रहा था. इसी रंजिश के चलते 03 अगस्त को दोनों ने योजनाबद्ध तरीके से बलवंत को शराब पिलाई और ट्यूबवेल के पास ले जाकर हत्या कर दी.
ये भी पढ़ें: