Neha Lohia (File Photo)
Neha Lohia (File Photo)
उत्तर प्रदेश के मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स की संदिग्ध मौत का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, शादी का दबाव बना रही प्रेमिका की उसके प्रेमी ने ही अस्पताल के एक कर्मचारी के साथ मिलकर जहर का इंजेक्शन देकर मार डाला. इस वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए फर्जी सुसाइड नोट लिखकर शव के पास रख दिया था. सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि अब पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
ऑपरेशन थिएटर में अचेत अवस्था में मिली थी नेहा
पुलिस के मुताबिक, फफूंडा निवासी 25 वर्षीय नेहा लोहिया नगर स्थित एमसीसी अस्पताल में नर्स थी. शनिवार सुबह वह अपनी ननद के साथ ड्यूटी पर गई थी. दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में वह अचेत अवस्था में मिली. चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से सल्फर की गोलियां और एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें ससुराल पक्ष पर आरोप लगाए गए थे.
सुसाइड नोट की लिखावट पर जताया संदेह
हालांकि मृतका के परिजनों ने सुसाइड नोट की लिखावट पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की. उन्होंने पुलिस को नेहा की पुरानी लिखावट भी दिखाई और बताया कि नेहा का अपने ससुराल पक्ष से किसी प्रकार का विवाद नहीं था. इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली. इसमें सामने आया कि अस्पताल कर्मचारी सुरेश और नेहा के बीच पिछले सात-आठ महीने से प्रेम संबंध थे. फुटेज में नेहा, सुरेश और एक अन्य कर्मचारी फरहान के साथ ओटी में जाती दिखाई दी, जबकि कुछ देर बाद सुरेश ग्लव्स पहनकर अकेला बाहर निकलता नजर आया. पूछताछ में सुरेश ने बताया कि वह शादीशुदा है और उसका पांच साल का बेटा है. नेहा लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी. इससे छुटकारा पाने के लिए उसने फरहान के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई.
ड्रिप में जहरीला रासायनिक पदार्थ मिलाकर कर दिया इंजेक्ट
पुलिस के अनुसार, नेहा ने कमजोरी महसूस होने की बात कही तो उसे ड्रिप लगाने के बहाने ओटी में ले जाया गया, वहां ड्रिप में जहरीला रासायनिक पदार्थ मिलाकर इंजेक्ट कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए नोटपैड पर सुसाइड नोट लिखा और उसे नेहा के पास रख दिया. साथ ही सल्फर की गोलियां भी रख दीं ताकि मामला आत्महत्या लगे. पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट, नोटपैड, सिरिंज, रासायनिक पदार्थ का रैपर, कैनूला और मृतका का मोबाइल फोन बरामद कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि नेहा के पति रवि कुमार ने करीब एक वर्ष पहले आत्महत्या कर ली थी. पति की मौत के बाद परिवार और बच्चे की जिम्मेदारी संभालने के लिए नेहा ने निजी अस्पताल में नौकरी शुरू की थी.