Accused in police custody
Accused in police custody
उत्तर प्रदेश (UP) के मुरादाबाद जिले में एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर अपने पति की हत्या कर दी. प्रेमी रिश्ते में उसका भतीजा लगता था. इस वारदात में आरोपी की बहन और उसका आशिक भी शामिल था. इस हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपियों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. फिलहाल, पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है. यहां आप पूरा मामला जान सकते हैं.
3 घंटे तक तड़पाया
जानकारी के मुताबिक पत्नी ने आरोपियों के साथ मिलकर पहले अपने पति पवन को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा. इसके बाद उसे कई बार बिजली का करंट दिया गया. जब हालत बिगड़ने लगी तो उसे जहर पिलाया गया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे. बताया जा रहा है कि करीब 3 घंटे तक पवन को तड़पाया गया और अंत में उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपियों ने पवन के शव को सीढ़ियों से नीचे धक्का दे दिया और आसपास के लोगों को बताया कि उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली और गिरने से उसकी मौत हो गई.
6 साल पहले हुई थी शादी
यह घटना मझोला थाना क्षेत्र के ढक्का इलाके की है. पवन की शादी 6 साल पहले आंचल से हुई थी और उनकी एक 3 साल की बेटी भी है. इसी बीच आंचल के अपने ही भतीजे अंकित से अवैध संबंध हो गए. जब पवन को इसकी भनक लगी तो पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगा. इसी विवाद के चलते आंचल ने अपने प्रेमी अंकित, बहन शिखा और बहन का बॉयफ्रेंड अजय के साथ मिलकर पवन को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.
पहले से रची गई थी पूरी प्लानिंग
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात से 4 दिन पहले ही आंचल की बहन शिखा उसके घर आकर रहने लगी थी. वारदात वाले दिन चारों आरोपियों ने मिलकर पवन को जहर देने की कोशिश की, विरोध करने पर उसे बांधकर पीटा गया और बिजली के करंट से झटका दिया गया.
बहन को फोन कर बताया था अपनी जान को खतरा
मृतक के परिवार के अनुसार, पवन ने करीब 3 महीने पहले ही अपनी बहन को फोन कर अपनी जान को खतरा बताया था, लेकिन उस समय इस बात को गंभीरता से नहीं लिया गया. वहीं, मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिम ने बताया थाना मझोला में एक हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी. चारों आरोपियों पत्नी आंचल, प्रेमी अंकित, बहन शिखा और उसके बॉयफ्रेंड अजय को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है. इन्हीं के द्वारा हत्या की गई थी.
(जगत गौतम की रिपोर्ट)