scorecardresearch

शादी में नकली गहने लेकर पहुंचा दूल्हा तो लड़की वालों ने बनाया बंधक, दुल्हन का फूटा गुस्सा

बिहार के मोतिहारी में उस वक्त एक शादी में बवाल हो गया, जब पता चला कि दूल्हा पक्ष नकली गहने के साथ आए हैं. इसके बाद लड़की वालों ने जमकर हंगामा और शादी करने से इनकार कर दिया. रातभर ड्रामा चलता रहा. आखिरकार पुलिस को बुलाना पड़ा. बारात नेपाल से आई थी.

Motihari News Motihari News

बिहार के मोतिहारी में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है, जहां महज कुछ गहनों की खातिर लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया. इतना ही नहीं, दुल्हन पक्ष ने दूल्हा सहित करीब डेढ़ सौ बारातियों को बंधक बना लिया गया है. दूल्हा पक्ष द्वारा लड़की के लिए लाए गए गहनों की जब जांच हुई तो पता चला कि गहने नकली हैं, जिसके बाद लड़की पक्ष ने पहले तो जमकर हंगामा किया, फिर नौबत मारपीट तक आई. इसके बाद लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया. 

दूल्हे को बनाया बंधक-
लड़की वालों ने शादी में खर्च हुए रुपये व सामानों की मांग की. इसके बाद उन्होंने दूल्हा सहित सभी बारातियों को बंधक बना लिया. काफी देर तक हंगामा हुआ. हंगामा उस समय हुआ, जब लड़की पक्ष के लोगों को इस बात का पता चला कि लड़के की तरफ से आया गहना नकली है. जिसके बाद आक्रोशित लड़की के परिजनों ने बड़ा कदम उठाते हुए शादी तोड़ दी. इतना ही नहीं, बारात में आए सभी गाड़ियों को भी घेर लिया और सभी बारातियों को एक घर में कैद कर लिया. रातभर हाईवोल्टेज ड्रामा चला. लेकिन लड़की पक्ष मानने को तैयार नहीं हुआ. आखिरकार सभी बारातियों को शादी का पूरा खर्च देने की मांग होने लगी.

गहने नकली निकले तो हुआ हंगामा-
दरअसल सुगौली थाना क्षेत्र के बेलवतिया गांव में एक शादी उस समय विवादों में घिर गई, जब लड़की पक्ष ने दूल्हे द्वारा लाए गए गहनों को नकली बताते हुए विवाह करने से इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ और मामला तनावपूर्ण हो गया. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लड़की पक्ष ने दूल्हे और उसके कुछ परिजनों को बंधक बना लिया. लड़की वालों ने शादी में हुए पूरे खर्च की भरपाई की मांग की.

नेपाल से आई थी बारात-
जानकारी के अनुसार बेलवतिया गांव निवासी लक्ष्मीनारायण सहनी की पुत्री आरती कुमारी का विवाह नेपाल के बारा जिला अंतर्गत परसोतिपुर निवासी जुगुल सहनी के पुत्र सुभाष कुमार सहनी के साथ तय था. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार की रात नेपाल से बारात बेलवतिया पहुंची थी. विवाह की प्रारंभिक रस्मों के दौरान कन्या निरीक्षण के समय लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे द्वारा लाए गए गहनों की जांच की. आरोप है कि जांच में गहने नकली पाए गए, जिसके बाद लड़की पक्ष के लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने शादी से साफ इनकार कर दिया.

रातभर चलता रहा ड्रामा-
लड़की के भाई ने बताया कि धोखाधड़ी की आशंका को देखते हुए परिवार ने विवाह नहीं करने का फैसला लिया. साथ ही तिलक में दी गई राशि और शादी की तैयारियों में हुए खर्च की भरपाई की मांग की गई. विवाद बढ़ने के बाद आधे से अधिक बाराती वापस लौट गए, जबकि दूल्हा और उसके कुछ परिजन रातभर गांव में ही रुके रहे. मंगलवार सुबह लड़के पक्ष के लोगों ने थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी. थानाध्यक्ष ने बताया कि लड़के पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
वहीं, इस संबंध में लड़की के पिता ने बताया कि लड़का पक्ष ने हमलोगों से मोटरसाइकिल की मांग की थी. लेकिन वे लोग उन्हें गाड़ी नहीं दे पाए. जिसके बाद आज वे लोग नकली गहने के साथ बारात लेकर आए. अब उन्हें उनके यहां शादी नहीं करनी है.

ये भी पढ़ें: