scorecardresearch

रात में बिरयानी खाई, फिर खाया तरबूज.. एक ही फैमिली के 4 लोगों ने तोड़ा दम

मुंबई में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि रात को सभी लोगों ने बिरयानी खाई थी. उसके बाद तरबूज खाया था. इसके कुछ घंटों बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. फौरन उनको अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन उनको बचाया नहीं जा सका. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Mumbai News Mumbai News

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक ही परिवार के 4 लोगों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत फूड प्वाइजनिंग से हुई है. ये मामला पायधुनी इलाके का है.

एक ही परिवार में 4 लोगों की मौत- 
मुंबई के पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध हालात में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है. मौत की वजह फूड प्वाइजनिंग बताया जा रहा है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. मरने वालों की पहचान 40 साल के अब्दुल्ला डोकाडिया, उनकी पत्नी 35 साल की नसरीन डोकाडिया और उनकी दो बेटियों 16 साल की आयशा और 13 साल की जैनब के रूप में हुई है. 

रात में क्या खाया था?
जानकारी के मुताबिक 25 अप्रैल की रात को फैमिली में कुछ रिश्तेदार भी आए थे. सभी लोगों ने रात में करीब 10 बजे खाना खाया. बताया जा रहा है कि सभी लोगों ने बिरयानी खाई थी. इसके बाद रिश्तेदार अपने घर लौट गए. इसके बाद रात एक से डेढ़ बजे के बीच फैमिली के 4 सदस्यों ने तरबूज खाया. इसके कुछ घंटों बाद  ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. हालत बिगड़ने पर परिवार को तुरंत साबू सिद्दीक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जेजे अस्पताल रेफर किया गया. लेकिन इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई.

पड़ोसी ने क्या बताया?
पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. वहीं, उसी बिल्डिंग में रहने वाले डॉक्टर जैद कुरैशी ने भी घटना को लेकर अहम जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि रात में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी थी. उल्टी-दस्त और कमजोरी की शिकायत थी. तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका.

फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है और सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सकेगी. सवाल ये है कि क्या यह महज फूड प्वाइजनिंग का मामला है या इसके पीछे कोई और वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा.

(दीपेश त्रिपाठी की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: