scorecardresearch

इलाज को लेकर बवाल, डॉक्टर और तीमारदार में मारपीट, Video आया सामने

महाराष्ट्र में नागपुर के एक सरकारी अस्पताल में इलाज को लेकर बवाल हो गया. डॉक्टर और तीमारदार में मारपीट हो गई. इसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. जिसमें डॉक्टर और तीमारदार एक-दूसरे से भिड़ हुए दिखाई दे रहे हैं.

Advertisement
Nagpur Clash Between Doctor and Patient's Family Nagpur Clash Between Doctor and Patient's Family

महाराष्ट्र के नागपुर के मेयो अस्पताल में इलाज को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि मामला डॉक्टर और मरीज के परिजनों के बीच मारपीट तक पहुंच गया. इस मारपीट का सीसीटीवी विडियो भी सामने आया है. एक व्यक्ति की उंगली मशीन की चेन में फंसने से दो टुकड़ों में कट गई थी. परिजन उसे पहले मानकापुर के एक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे मेयो रेफर किया गया. यहां डॉक्टर ने जांच के बाद एक्स-रे कराने की सलाह दी, लेकिन इसी बीच एक इमरजेंसी मरीज आ जाने से डॉक्टर दूसरे मरीज को देखने चले गए. इसी बात को लेकर विवाद हुआ और जूनियर डॉक्टर के साथ मारपीट का आरोप लगा. खास बात यह है कि इस मामले में सिर्फ डॉक्टर की शिकायत ही नहीं, बल्कि दूसरी तरफ से भी क्रॉस FIR दर्ज कराई गई है.

20 साल के लड़के की कट गई थी उंगली-
दरअसल, मामला 4 नवंबर का है. शिकायतकर्ता 37 वर्षीय मेयो अस्पताल के जनरल सर्जरी विभाग में प्रथम वर्ष के जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर हैं. जानकारी के मुताबिक रणजीत जाधव अपने 20 वर्षीय बेटे वेदांत जाधव को लेकर अस्पताल पहुंचे थे. बताया गया कि वेदांत गाड़ी साफ कर रहा था, इसी दौरान उसकी उंगली गाड़ी की चेन में फंस गई और उंगली के दो टुकड़े हो गए. परिजनों ने पहले उसे शहर के मानकापुर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए सर्जरी अस्पताल मेयो में  रेफर किया गया.

इलाज को लेकर मारपीट-
मेयो अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टर ने मरीज की जांच की और उंगली का एक्स-रे निकालने की सलाह दी. इसी दौरान अस्पताल में एक अन्य इमरजेंसी मरीज आ गया, जिसके चलते डॉक्टर उसे देखने के लिए चले गए. आरोप है कि इसी बात से मरीज के परिजन नाराज हो गए. उन्होंने डॉक्टर से पहले उनके बेटे का इलाज करने की विनती की. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस और विवाद शुरू हो गया.

डॉक्टर ने लगाए आरोप-
शिकायतकर्ता डॉक्टर का आरोप है कि विवाद के दौरान रणजीत जाधव और उसके बेटे वेदांत ने उनके साथ मारपीट की. डॉक्टर को पकड़कर बेड पर पटकने, नाखूनों से नोचने और सीने पर वार करने का आरोप लगाया गया है. इतना ही नहीं, शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी. अस्पताल में ड्यूटी के दौरान हुई इस घटना ने डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

दोनों तरफ से दर्ज कराई गई शिकायत-
इस मामले में तहसील पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. डॉक्टर की शिकायत में रणजीत जाधव और वेदांत जाधव के नाम सामने आए हैं. वहीं, दूसरी तरफ से दर्ज शिकायत को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है. अब पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी.

ये भी पढ़ें: