Symbolic Photo
Symbolic Photo
महाराष्ट्र के नागपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां गर्लफ्रेंड को महंगा तोहफा देने की चाह में एक नाबालिग ने अपने साथी के साथ मिलकर कपड़ों के शोरूम को ही लूट लिया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों को पकड़ लिया है. चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है.
सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई चोरी की पूरी घटना
अंबाझरी पुलिस के अनुसार, दोनों नाबालिग जरीपटका क्षेत्र के रहने वाले हैं. इनमें से एक नाबालिग अपनी गर्लफ्रेंड के जन्मदिन पर महंगा उपहार देना चाहता था, लेकिन उसके पास पर्याप्त पैसे नहीं थे. इसके बाद उसने अपने हमउम्र साथी के साथ चोरी की योजना बनाई. दोनों ने रवि नगर स्थित एक कपड़ों की दुकान को निशाना बनाया और वहां से करीब एक लाख रुपए मूल्य का सामान चोरी कर लिया. हालांकि, पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई.
चोरी का सामान बरामद
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने तेलंगखेड़ी गार्डन आने वाला है. सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों को हिरासत में ले लिया. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली. इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया.फिलहाल दोनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है.
एक युवक ने मां के गहने कर लिए थे चोरी
कुछ दिन पहले मुंबई में एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड का बर्थडे स्पेशल बनाने के लिए अपनी मां के गहने चोरी कर लिए थे. उसने लाखों रुपए के गहने चुराए, उन्हें बेच दिया और उस पैसे से गर्लफ्रेंड के लिए पार्टी, शॉपिंग और महंगे गिफ्ट खरीदे. कहानी तब सामने आई, जब युवक की मां को घर में रखे गहने नहीं मिले. पहले उन्होंने सोचा कि शायद कहीं रखकर भूल गई होंगी, लेकिन काफी तलाश के बाद जब जेवर नहीं मिले, तो मामला पुलिस तक पहुंचा. शिकायत दर्ज कराई गई और जांच शुरू हुई. मुंबई की इस घटना की सोशल मीडिया पर भी चर्चा हो रही है. कुछ लोग इसे 'प्यार में पागलपन' कह रहे हैं. फिलहाल युवक पुलिस हिरासत में है.
(योगेश वसंत पांडे की रिपोर्ट)