Nalanda News (Photo/Screengrabs)
Nalanda News (Photo/Screengrabs)
बिहार के नालंदा से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है. प्यार, वादा और फिर उस वादे से मुकरने की एक ऐसी दास्तां, जिसका अंत बेहद खौफनाक रहा. राजगीर में एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को बीच सड़क पर बाइक से करीब 100 मीटर तक घसीटा. कसूर सिर्फ इतना था कि 5 साल से साथ रह रही युवती अपने हक के लिए शादी की बात कह रही थी. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
युवक ने 100 मीटर तक प्रेमिका को घसीटा-
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे एक युवक बाइक रफ्तार में दौड़ रहा है और एक युवती बाइक पकड़े हुए जमीन पर घिसटती जा रही है. करीब 100 मीटर तक युवती चीखती रही, गुहार लगाती रही, लेकिन बेदर्द प्रेमी का दिल नहीं पसीजा.
लंबे समय से चल रहा प्रेम प्रसंग-
आरोपी युवक नवादा जिले के नारदीगंज में अमीन के पद पर तैनात है. दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. चार-पांच दिन पहले जब आरोपी अपनी प्रेमिका से मिलने राजगीर पहुंचा, तो युवती ने शादी का दबाव बनाया. बस यही बात उसे नागवार गुजरी. बहस बढ़ी तो आरोपी ने बाइक स्टार्ट की और भागने लगा.
पब्लिक ने प्रेमी को पीटा-
युवती ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने रफ्तार कम करने के बजाय बाइक भगा दी और युवती को सड़क पर घसीटता रहा. लेकिन बाइक सड़क पर असंतुलित होकर गिर गई. इसके बाद नोकझोंक हुआ और भीड़ जमा हो गई. जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी की धुनाई भी की. पकड़े जाने पर शातिर प्रेमी ने लोगों को गुमराह करने के लिए इसे 'घरेलू झगड़ा' और युवती को अपनी 'पत्नी' तक बता डाला.
पुलिस का क्या कहना है?
राजगीर थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार के मुताबिक, मामला शादी के विवाद से जुड़ा है. पुलिस जांच में पुष्टि हुई है कि आरोपी सरकारी पद (अमीन) पर तैनात है. युवती ने अब नवादा के नारदीगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है.
ये भी पढ़ें: