Panipat News
Panipat News
हरियाणा के पानीपत से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. बहू के पहनावे से नाराज सास-ससुर ने खुदकुशी कर ली. बताया जा रहा है कि बेटे ने पिछले साल लव मैरिज की थी. दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. जब से शादी हुई थी, तब तक सास-ससुर बहू को गांव के रीति-रिवाज के मुताबिक रहने की सलाह दे रहे थे, लेकिन बहू मानने को तैयार नहीं थी.
बहू के पहनावे ने ली सास-ससुर की जान-
हरियाणा पानीपत जिले के गांव नारा में घरेलू कलह से परेशान एक दंपती द्वारा सल्फास खाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है. मृतकों की पहचान 46 वर्षीय राजेश और उनकी 44 वर्षीय पत्नी सुमन के रूप में हुई है. घरवालों ने आरोप लगाया है कि उनकी पुत्रवधू स्नेहा के पहनावे और रहन-सहन को लेकर विवाद होता था.
साल 2025 में हुई थी बेटे की शादी-
राजेश और सुमन का इकलौता बेटा आशीष है. करीब 2 वर्ष पहले उसकी पहचान दिल्ली निवासी स्नेहा से फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी. दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और बाद में जनवरी 2025 में परिवार की सहमति से लव-कम-अरेंज मैरिज हुई थी.
पहनावे को लेकर होता था विवाद-
शुरुआत में परिवार को उम्मीद थी कि बहू के आने से घर में खुशियां आएंगी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही घर में विवाद शुरू हो गए. बताया जा रहा है कि स्नेहा दिल्ली के आधुनिक माहौल में पली-बढ़ी थी और गांव के पारंपरिक वातावरण में खुद को ढाल नहीं पा रही.
उसके पहनावे और रहन-सहन को लेकर घर में अक्सर कहासुनी होती रहती थी. राजेश और सुमन चाहते थे कि बहू गांव और परिवार की मर्यादाओं के अनुसार रहे, जबकि स्नेहा इसे अपनी स्वतंत्रता में दखल मानती थी. धीरे-धीरे यह विवाद गंभीर घरेलू क्लेश में बदल गया.
बहू करती थी मारपीट-
घरवालों ने आरोप लगाया कि स्नेहा कई बार सास सुमन के साथ बदसलूकी और मारपीट भी करती थी. जिससे माता-पिता मानसिक रूप से बेहद आहत रहने लगे थे. शनिवार दोपहर बाद घर में फिर किसी बात को लेकर विवाद हुआ.
इसके बाद तनाव में आकर राजेश और सुमन ने जहरीला पदार्थ निगल लिया. हालत बिगड़ने पर दोनों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने सुमन को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में राजेश को पीजीआईएमएस रेफर किया गया. रविवार सुबह उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई.
(प्रदीप रेढू की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: