scorecardresearch

Odisha News: पत्नी वापस आ जाए इसीलिए दे दी नरबलि! खाना खाने के बहाने शख्स को बुलाया और फिर सिर धड़ से कर दिया अलग, पूजा घर में दफनाया हेड, तालाब में फेंक दिया शरीर

ओडिशा में एक खौफनाक वारदात सामने आया है. यहां एक शख्स ने पत्नी को वापस बुलाने के लिए नरबलि दे दी. आरोपी ने मृतक का सिर काटकर पूजा घर में दफना दिया और उसका धड़ एक तालाब में फेंक दिया. यहां जानिए पूरा मामला.

Advertisement
नरबलि की घटना के बाद जुटे लोग. नरबलि की घटना के बाद जुटे लोग.

ओडिशा के बोलांगीर जिले से एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है. यहां देवगांव थाना क्षेत्र के  बगदा गांव में एक 40 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया. पुलिस ने बताया कि यह हत्या नरबलि और तांत्रिक गतिविधियों से जुड़ी है. पुलिस का दावा है कि हत्याकांड को अंजाम पत्नी को वापस पाने के लिए दिया गया. मृतक की पहचान बोलांगीर जिले के तुसुरा पुलिस थाना क्षेत्र के तेबदमुंडा गांव के रहने वाले संतोष खारसेल के तौर पर हुई है. पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. 

...और सिर धड़ से कर दिया अलग
बोलांगीर के एसपी जी. अभिलाष ने बताया कि मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू ने कथित तौर पर 18 अगस्त 2026 को संतोष को खाना खाने के बहाने अपने घर बुलाया था. पुलिस को शक है कि संतोष के सो जाने के बाद, साहू और उसके कुछ साथियों ने उस पर हमला किया और उसकी हत्या कर दी. इसके बाद उसका सिर धड़ से अलग कर दिया. जांचकर्ताओं को शक है कि यह अपराध नरबलि और तंत्र-मंत्र से जुड़ा हो सकता है. हत्या के बाद आरोपी संतोष के शव को गांव के बाहर ले गए और एक तालाब में फेंक दिया जबकि उसका कटा हुआ सिर साहू के घर के पूजा कक्ष में दफना दिया गया था. गुरुवार को स्थानीय लोगों ने तालाब के पास बिना सिर वाला शव देखा और पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद देवगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

पुलिस पहुंची तो ध्यान में था आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संतोष को आखिरी बार शत्रुघ्न साहू के साथ देखा गया था. इस जानकारी के आधार पर पुलिस की एक टीम साहू के घर पहुंची. उस समय साहू कथित तौर पर घर के अंदर ध्यान (मेडिटेशन) कर रहा था. शुरुआती पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद संतोष की हत्या की गई थी. हालांकि, आगे की पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि संतोष का कटा हुआ सिर पूजा कक्ष में छिपाया गया था. इसके बाद आरोपी पुलिस को उस जगह ले गया जहां सिर दफनाया गया था. पुलिस ने उस जगह की खुदाई की और संतोष का कटा हुआ सिर बरामद किया. अपराध में इस्तेमाल किया गया खून से सना धारदार हथियार भी ज़ब्त किया गया है. पुलिस ने हत्या के मामले में मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू समेत 5 लोगों को गिरफ़्तार किया है. साहू की मां, भाई और भाभी को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, क्योंकि जांचकर्ता घटनाक्रम का पूरा ब्योरा पता लगाने और यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इसमें और लोग भी शामिल थे.

पत्नी रह रही थी अलग
पुलिस को शक है कि यह हत्या अंधविश्वास और कथित तंत्र-मंत्र की वजह से की गई हो सकती है. पूछताछ के दौरान, साहू ने कथित तौर पर जांचकर्ताओं को बताया कि उसने अपनी अलग हो चुकी पत्नी को वापस पाने की उम्मीद में यह बलि दी थी. जांच के अनुसार साहू की पत्नी पिछले करीब 10 सालों से अपने बेटे और बेटी के साथ उससे अलग रह रही थी. पुलिस को शक है कि उसके तंत्र-मंत्र या जादू-टोने में शामिल होने की वजह से ही परिवार उससे दूर रहा होगा. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या कथित मानव बलि की योजना साहू ने अकेले बनाई थी या इसमें किसी और की भी मदद ली थी.