Pragya Singh
Pragya Singh
बाबा केदारनाथ के दर्शन कर लौट रही 29 साल की एक युवती ट्रेन से गायब हो गई. युवती प्रज्ञा सिंह अपने पति के साथ नोएडा लौट रही थी. ट्रेन में सवार होने के बाद पति सो गया. लेकिन जब पति की नींद खुली तो पत्नी गायब थी. हालांकि अब जानकारी मिली है कि प्रज्ञा सिंह को बरामद कर लिया गया है. प्रज्ञा को बिहार के बेगूसराय से सुरक्षित बरामद किया गया है.
बिहार के बेगूसराय में मिली प्रज्ञा-
प्रज्ञा के भाई के अनुसार बेगूसराय में प्रज्ञा की मौसी रहती है, जहां से प्रज्ञा मिली है. भाई की माने तो प्रज्ञा ने खुद फोन करके बताया था कि वह बेगूसराय में है. प्रज्ञा की तलाश में उत्तराखंड से लेकर बिहार तक पुलिस की कई टीमें जुटी थीं. पुलिस ने प्रज्ञा को अपनी कस्टडी में ले लिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है. परिजन कल दिल्ली में थे, जो आज लक्सर कोतवाली पहुंचे है और आज प्रज्ञा को अपने साथ वापस लेकर जाएंगे.
पुलिस ने बताया क्यों गायब हुई थी युवती?
प्रज्ञा 5 मई की रात ट्रेन से अचानक लापता हो गई थीं, उस वक्त उनके पति मनीष सो रहे थे. ट्रेन में सीसीटीवी बंद होने के कारण उनकी तलाश चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी. वहीं, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रज्ञा अपने पति से नाराज होकर ट्रेन से चली गई थी, जो अब बेगूसराय से मिली है. लापता होने के पीछे का कारण पति-पत्नी का आपस का झगड़ा है. आगे उनका स्टेटमेंट लिया जा रहा है. सारी जानकारी जुटाने के बाद ठीक से बताया जाएगा.
पति सोया तो पत्नी हो गई थी गायब-
पति-पत्नी देहरादून से महानंदा एक्सप्रेस से नोएडा लौट रहे थे. दोनों की सीट एक ही कोच में अगल-बगल थी. जब रास्ते में पति मनीष अग्रहरि की आंख खुली तो पत्नी सीट से गायब थी. पति ने ट्रेन में पत्नी को तलाश किया. लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चला. बाद में पत्नी की मोबाइल की आखिरी लोकेशन रेलवे ट्रैक पर मिली तो पति के होश उड़ गए. पति ने पत्नी की तलाश के लिए उत्तराखंड के सीएम और डीजीपी से गुहार लगाई.
मनीष और प्रज्ञा की लव मैरिज हुई थी. दोनों की शादी फरवरी में हुई थी. लेकिन ट्रेन से प्रज्ञा के गायब होने से हड़कंप मच गया. हालांकि अब पुलिस ने प्रज्ञा को बरामद कर लिया है.
(चांदनी कुरैशी की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: