Monica (File Photo)
Monica (File Photo)
राजस्थान के कोटपूतली बहरोड जिले के मांडण थाना क्षेत्र में एक सनसनी हत्या का पुलिस से खुलासा किया है. पत्नी के चरित्र पर शक होने पर एक पति ने सोते समय कुल्हाड़ी से वार करके पत्नी की हत्या कर दी. उसके बाद शव को कमरे में बंद कर आरोपी ट्रेन से खाटूश्याम जी के दर्शन करने चला गया. तीन दिन बाद जब घर से बदबू आई तो घटना का खुलासा हुआ. आरोपी के गांव वापस लौटते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
खून से लथपथ बेड पर पड़ा था शव
नीमराणा एडिश्नल एसपी सुरेश खींची ने बताया की 10 मई की सुबह सूचना मिली थी कि महतावास गांव में कपिल सेन के मकान से बदबू आ रही है. सूचना पर टीम मौके पर पहुंची. घर के अंदर जाकर देखा तो कपिल सेन की पत्नी मोनिका (36) का शव खून से लथपथ हालत पर बेड पर पड़ा था. दीवारों और जमीन पर खून के निशान थे. इसके बाद जब पति 12 मई को गांव लौटा तो उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की पूछताछ में उसने पूरे मामले का खुलासा किया. पुलिस ने बताया कि हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. पति की हत्या करने के बाद आरोपी खाटू श्याम जी दर्शन करने चला गया था.
दहेज के लिए परेशान करने का आरोप
मोनिका के भाई पवन सैन निवासी घीलोठ (नीमराना) ने रिपोर्ट देकर ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया. पवन ने बताया कि 30 नवंबर 2009 को मेरी दो बहन मोनिका और भारती की शादी गांव महतावास के रहने वाले दो भाई कपिल और गजेंद्र के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दोनों बहनों को दहेज के लिए परेशान करने लगे. कई बार समझौता के बाद भी जब परिजन नहीं माने तो 7-8 साल पहले भारती अपने पीहर घीलोठ में आकर रहने लगी. इस दौरान मोनिका अपने ससुराल में ही रहती थी.
उसका पति कपिल हरियाणा के कुंड में सैलून में काम करता था. कपिल शराब पीने का आदि था और आए दिन मोनिका से मारपीट करता था. इससे परेशान होकर मोनिका अपनी दो बेटियों के साथ हरियाणा के कापड़ीवास, रेवाड़ी में रहने लगी. वहीं एक फैक्ट्री में काम करने लगी. मोनिका कभी-कभी गांव में आती थी. वो शादियों में परिवारों का हाथ बंटाती, इसके बाद वापस अपने काम पर लौट जाती थी. पुलिस ने बताया कि आरोपी को अपनी पत्नी के कैरेक्टर पर शक था. इसलिए उसने पत्नी की बेरहमी से कुल्हाड़ी से हत्या की है. उसके बाद घूमने खाटू श्याम जी चला गया. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है.
(हिमांशु शर्मा की रिपोर्ट)