scorecardresearch

Rajgarh Crime News: राजगढ़ में खूनी विवाद! भगवान को मत मानो... बाबा रामपाल की करो पूजा, ऐसा नहीं करने पर पति ने पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला

मध्य प्रदेश से एक दिल दहला देने वाली घटना समाने आई है. यहां एक पति ने अपनी पत्नी को इसलिए कुल्हाड़ी से काट दिया क्योंकि वह बाबा रामपाल कि नहीं भगवान की पूजा कर रही थी. महिला ने हत्या से पहले अपने पिता को फोन किया था. बोली थी- जल्दी आ जाओ, नहीं तो पति मार देगा. पत्नी की हत्या करने के बाद पति फरार है. 

Advertisement
Husband Murders Wife with Axe Over Baba Rampal Worship Dispute Husband Murders Wife with Axe Over Baba Rampal Worship Dispute

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में धार्मिक मान्यताओं को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद खौफनाक वारदात में बदल गया. गुराड़खेड़ा गांव में पति रामबाबू गुर्जर ने कथित तौर पर अपनी पत्नी गायत्रीबाई गुर्जर (36) पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया. मृतका के पिता के मुताबिक, गायत्रीबाई ने पहले ही फोन कर आशंका जताई थी कि पति उसे मार देगा. उसने पिता से कहा था, जल्दी आ जाओ, नहीं तो पति मार देगा. घटना राजगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र की है.

भगवान की पूजा और त्योहार मनाने पर होता था विवाद
परिजनों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच भगवान को मानने, पूजा-पाठ और त्योहार मनाने को लेकर अक्सर विवाद होता था. मृतका के पिता का आरोप है कि रामबाबू पत्नी से कहता था कि भगवान को मत मानो, बाबा रामपाल ही सबकुछ हैं. बाबा रामपाल की ही पूजा करें. गायत्रीबाई के पूजा-पाठ करने पर भी वह आपत्ति जताता था. बताया गया कि पति अधिकतर समय घर से बाहर रहता था.

पीठ पर तीन और गर्दन पर एक वार
शुरुआती जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे गायत्रीबाई पर कुल्हाड़ी से चार वार किए गए. उनकी पीठ पर तीन और गर्दन पर एक वार किया गया. हमले में महिला की मौत हो गई. घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है.

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी की तलाश
राजगढ़ कोतवाली प्रभारी मंजू मखेनिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी रामबाबू गुर्जर की तलाश शुरू कर दी है. गुराड़खेड़ा गांव कोतवाली थाने से करीब 32 किलोमीटर दूर और राजस्थान सीमा से लगभग आधा किलोमीटर की दूरी पर है. पोस्टमार्टम के बाद गायत्रीबाई का शव पिता को सौंप दिया गया. मृतका के दो बेटे हैं. बड़ा बेटा गब्बर 14 साल और छोटा बेटा धनराज 8 साल का है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.