Accused in police custody
Accused in police custody
मध्य प्रदेश के रीवा में एक लड़की के प्यार ने दो दोस्तों की दोस्ती को दुश्मनी में बदल दिया. दोनों एक ही लड़की से प्यार करते थे. इसी प्रेम कहानी में एक दोस्त ने दूसरे की जान ले ली. चोरहटा थाना क्षेत्र के दुआरी गांव में मिले मोहम्मद इसरार के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है.
नाले में मिला था शव
पुलिस के मुताबिक, इसरार की हत्या उसके दोस्त आशीष कोल ने की थी. आरोपी ने पहले इसरार को शराब पिलाई और फिर विवाद के दौरान धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी. करीब 30 साल का मोहम्मद इसरार दुआरी पिपरहा गांव का रहने वाला था. वह 26 अगस्त 2026 से लापता था. दो दिन बाद यानी 28 अगस्त को उसका शव दुआरी गांव में डैम/नहर के पास नाले में मिला था. उसके गले और शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले थे.
इलाके में फैल गई थी सनसनी
शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या के विरोध में शव सड़क पर रखकर चक्काजाम किया था और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी. पुलिस जांच में सामने आया कि इसरार और आशीष दोनों एक ही लड़की से प्रेम करते थे. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था. पुलिस के मुताबिक, यही विवाद हत्या की वजह बना.
आरोपी को भेज दिया गया जेल
जांच के मुताबिक, वारदात से पहले आशीष इसरार को अपने साथ ले गया और उसे शराब पिलाई. इसके बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि आशीष ने धारदार हथियार से इसरार पर हमला कर दिया, जिससे इसरार की मौत हो गई. इसके बाद आशीष ने शव को नाले में फेंक दिया. शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला. जांच के दौरान सामने आए सुरागों और पूछताछ के आधार पर पुलिस आशीष कोल तक पहुंची. एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्याकांड की कड़ियां जोड़ीं. इसके बाद आरोपी आशीष कोल को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.