scorecardresearch

घर से गायब हुई लड़की, घरवालों ने दर्ज कराई शिकायत, बरामद लड़की का अस्पताल में हुआ मेडिकल, गेट पर हो गई हत्या

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दो भाइयों ने पुलिस कस्टडी में अपनी ही सगी बहन को मौत के घाट उतार दिया.

आरोपी भाई आरोपी भाई

सहारनपुर के थाना फतेहपुर क्षेत्र के गांव रामखेड़ी में पुलिस कस्टडी के दौरान एक युवती को गोली मारने की सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी और युवती के भाई मोंटी राणा को गिरफ्तार कर लिया है. बताया गया है कि युवती कुछ दिन पहले फतेहपुर क्षेत्र के कंधेला गांव के रहने वाले युवक लवकुश के साथ चली गई थी. इस पर युवती के भाई रवि की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था.

बरामदगी के बाद मेडिकल के लिए ले जाया गया
काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने युवती को बरामद किया और मेडिकल परीक्षण के लिए उसे सीएचसी फतेहपुर लाया गया. मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस उसे बयान के लिए कोर्ट ले जाने की तैयारी कर रही थी. इसी दौरान सीएचसी परिसर में युवती के दोनों सगे भाइयों ने मौका पाकर उस पर गोली चला दी और फरार हो गए. अचानक हुई फायरिंग से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई.

गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश रेफर, देर रात तोड़ा दम
गोली लगने से युवती राखी राणा गंभीर रूप से घायल हो गई. पुलिस ने उसे तुरंत दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. वहां से स्थिति नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया. कई घंटों तक जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष करने के बाद देर रात उसने दम तोड़ दिया. घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया और लोगों में गुस्सा भी देखा गया.

दोनों भाइयों पर बहन की हत्या का आरोप
जानकारी के अनुसार दोनों भाइयों ने मिलकर बहन के 'प्यार' का अंत कर दिया. घटना के बाद रामखेड़ी और आसपास के इलाकों में भय और तनाव का माहौल फैल गया. पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोंटी राणा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे भाई रवि की भूमिका को लेकर जांच जारी है.

एसएसपी ने दी जानकारी
एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात के समय और कौन लोग मौजूद थे और किसकी क्या भूमिका रही. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है.

आरोपी का वीडियो वायरल, खुद ले रहा जिम्मेदारी
घटना के बाद आरोपी मोंटी राणा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह इस वारदात की जिम्मेदारी खुद लेते हुए दिखाई दे रहा है. वीडियो में वह परिवार के अन्य लोगों को निर्दोष बता रहा है. फिलहाल पुलिस वीडियो समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

एसएसपी अभिनंदन का बयान
"थाना फतेहपुर में एक घटना हुई थी, जिसमें एक महिला एक व्यक्ति के साथ चली गई थी और इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था. महिला की बरामदगी के बाद जब उसका मेडिकल ट्रीटमेंट कराया जा रहा था, तभी उसके सगे भाइयों ने आकर उसे गोली मार दी. मुख्य अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. महिला की दुखद मृत्यु हो चुकी है. आगे की सभी कानूनी कार्यवाही की जा रही है. जिस समय गोली मारी गई, उस समय उसका दूसरा भाई भी वहां मौजूद था. यह सभी पहलू जांच का हिस्सा हैं और यह भी देखा जा रहा है कि घटना में और कौन-कौन शामिल थे".

 

ये भी पढ़ें