Sangrur Triple Child Death
Sangrur Triple Child Death
संगरूर के भवानीगढ़ में 26 अगस्त को एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत का मामला अब हत्या की गुत्थी में बदल गया है. शुरुआत में पुलिस इसे फूड पॉइजनिंग का मामला मानकर जांच कर रही थी. बताया गया था कि बच्चों ने जहरीली मिठाई खाई थी. लेकिन एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत और मिठाई खाने वाले दूसरे लोगों के सुरक्षित रहने से पुलिस को शक हुआ. जांच आगे बढ़ी तो बच्चों की मां के एक व्यक्ति से कथित संबंध और बच्चों को रास्ते से हटाने की साजिश का एंगल सामने आया.
तीनों बच्चों की मौत से शुरू हुआ शक
मृतकों में करीब ढाई साल का बच्चा, छह साल का बच्चा और पांच साल की बच्ची शामिल हैं. 26 अगस्त को तीनों की मौत के बाद शुरुआती तौर पर आशंका जताई गई कि जहरीली मिठाई खाने से उनकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई.
हालांकि, पुलिस ने मामले को सिर्फ फूड पॉइजनिंग मानकर बंद नहीं किया. जांच में यह सवाल अहम बना कि अगर मिठाई में जहरीला पदार्थ था, तो उसी घर के तीन बच्चों की ही मौत क्यों हुई? मिठाई खाने वाले दूसरे लोगों को इसका असर क्यों नहीं हुआ?
इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी कथित दोस्ती
SSP संगरूर रवजोत ग्रेवाल के मुताबिक, जांच के दौरान बच्चों की मां के इंस्टाग्राम के जरिए एक व्यक्ति के संपर्क में आने की बात सामने आई. पुलिस का आरोप है कि दोनों के बीच बाद में कथित संबंध बन गए थे. जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि बच्चों को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई थी. पुलिस अब इस एंगल से पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
रक्षाबंधन पर मिठाई में जहरीला पदार्थ मिलाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, रक्षाबंधन के दिन घर में मिठाई आई थी. आरोप है कि इसी मिठाई में जहरीला पदार्थ मिलाया गया और इसे खाने के बाद तीनों बच्चों की मौत हो गई. पुलिस ने बच्चों के पिता के बयान के आधार पर उनकी मां और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. हालांकि, मामले में सामने आए आरोपों की जांच अभी जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच तथा साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आएगा.
मां गिरफ्तार, कथित प्रेमी की तलाश
SSP के मुताबिक पुलिस ने बच्चों की मां को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, उसके कथित प्रेमी की तलाश की जा रही है. पुलिस मिठाई, उसमें मिलाए गए कथित जहरीले पदार्थ और दोनों आरोपियों के बीच संपर्क समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है. एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से शुरू हुआ यह मामला अब हत्या की साजिश तक पहुंच गया है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
-कुलवी सिंह की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: