Theft at a house in the North Railway Colony, Agra Cantt
Theft at a house in the North Railway Colony, Agra Cantt
बड़ी खाकर गए... मंदिर की गुल्लक भी नहीं छोड़ी... और लड्डू गोपाल के आभूषण तक समेट ले गए. सुनने में भले ही यह किसी फिल्मी कहानी जैसा लगे, लेकिन यह हकीकत है आगरा कैंट की नॉर्थ रेलवे कॉलोनी की, जहां दिनदहाड़े चोरों ने एक रेलवे कर्मचारी के बंद मकान को निशाना बनाया. ताला तोड़कर घर में घुसे और लाखों रुपए के जेवर, नकदी और मोबाइल चोरी करने के बाद चोर फ्रिज में रखी रबड़ी खाकर आराम से फरार हो गए. इस घटना ने रेलवे कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
खुद गईं थी ड्यूटी पर और बेटे गए थे स्कूल
मामला थाना सदर क्षेत्र स्थित आगरा कैंट की नॉर्थ रेलवे कॉलोनी का है. यहां जी-8ए क्वार्टर में रहने वाली सोनम पाण्डेय जो रेलवे के पार्सल विभाग में कमर्शियल असिस्टेंट हैं, बुधवार सुबह ड्यूटी पर चली गई थीं. उनके दोनों बच्चे स्कूल गए थे, जबकि घर पर मौजूद उनकी बहन भी सुबह करीब 10 बजे बाहर चली गईं. इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया. दोपहर करीब दो बजे जब उनकी बहन वापस लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला. घर के अंदर पूरा सामान बिखरा पड़ा था. चोर अलमारी खंगाल चुके थे और कीमती सामान समेटकर ले जा चुके थे.
फ्रिज में रखी रबड़ी खाई
चोरी में करीब डेढ़ तोला सोने के आभूषण, आधा किलो चांदी के जेवर, एक मोबाइल फोन और पांच हजार रुपए की नकदी शामिल है. चोरों ने घर के मंदिर की गुल्लक भी तोड़ दी और लड्डू गोपाल के आभूषण भी चोरी कर लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद फ्रिज में रखी रबड़ी खाई और फिर मौके से फरार हो गए. इससे माना जा रहा है कि बदमाश काफी देर तक घर के अंदर बेखौफ मौजूद रहे.
पुलिस कर रही मामले की जांच
सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. वहीं, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से कॉलोनी के लोगों में दहशत है. स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.