scorecardresearch

Twisha Sharma Death Case: ट्विशा शर्मा मौत मामले में उठ रहे ये 7 सवाल, अब तक नहीं मिले जवाब

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ट्विशा शर्मा की मौत मामले में लगातार अपडेट आ रहे हैं. ट्विशा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई सबूत सामने आए हैं. पुलिस सुसाइड के एंगल से जांच कर रही है. लेकिन कुछ ऐसे सवाल हैं, जिनके जवाब अब तक नहीं मिले हैं. चलिए उनके सवालों के बारे में जानते हैं.

Twisha Sharma death case Twisha Sharma death case

भोपाल की चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में हर दिन नए खुलासे और नए सवाल खड़े रहे हैं. ट्विशा का परिवार इसे आत्महत्या मानने को तैयार नहीं है, जबकि पुलिस अब तक कई अहम पहलुओं पर साफ जवाब नहीं दे पाई है. वहीं, ट्विशा की मौत के बाद सामने आए वीडियो, चैट्स, कॉल डिटेल्स और घटनाक्रम ने इस केस को और ज्यादा रहस्यमय बना दिया है.

लेकिन ट्विशा की मौत से जुड़े 7 बड़े सवाल हैं जिनके जवाब अब तक अनसुलझे हैं:

सवाल-1: मौत से पहले आख़िरी 60 मिनट में क्या हुआ?
सीसीटीवी फुटेज में ट्विशा को सीढ़ियों से ऊपर छत की ओर जाते देखा गया. लेकिन करीब एक घंटे बाद उसे नीचे लाया गया. सवाल यह है कि उस एक घंटे के दौरान आखिर क्या हुआ? उस वक्त घर में कौन-कौन मौजूद था और किसी ने मदद क्यों नहीं की?

सवाल-2: अगर आत्महत्या थी, तो तुरंत अस्पताल क्यों नहीं ले गए?
परिवार का आरोप है कि ट्विशा को काफी देर बाद अस्पताल पहुंचाया गया. सवाल उठ रहा है कि जब हालत गंभीर थी, तो फौरन मेडिकल मदद क्यों नहीं ली गई? क्या उस समय किसी चीज को छिपाने या संभालने की कोशिश हो रही थी?

सवाल-3: मौत से पहले भेजे गए मैसेज क्या इशारा करते हैं?
ट्विशा ने मौत से कुछ दिन पहले अपनी मां को भेजे मैसेज में ससुराल वालों को लेकर नाराजगी जताई थी. उसने खुद को मानसिक रूप से परेशान बताया था. ऐसे में सवाल है कि क्या वह लगातार किसी दबाव में थी?

सवाल-4: घटनास्थल से जुड़े सभी सबूत सुरक्षित हैं या नहीं?
परिवार लगातार आरोप लगा रहा है कि कई अहम सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका है. सवाल यह भी है कि पुलिस ने घटनास्थल को कितनी जल्दी सील किया और क्या हर एंगल से फॉरेंसिक जांच हुई?

सवाल-5: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पूरी तस्वीर साफ क्यों नहीं हो रही?
पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं हैं. शरीर पर मिले निशान, चोटों की स्थिति और मौत का सही कारण अब भी बहस का विषय बना हुआ है. क्या मेडिकल रिपोर्ट पूरी सच्चाई बता पा रही है?

सवाल-6: क्या यह सिर्फ आत्महत्या का मामला है या कुछ और?
सबसे बड़ा सवाल यही है. क्या ट्विशा ने खुद जान दी, या परिस्थितियां उसे वहां तक ले गईं? या फिर कहानी में कोई ऐसा सच छिपा है, जो अभी सामने आना बाकी है?

सवाल-7: ट्विशा की मौत के बाद गिरिबाला सिंह ने किस-किस को किया कॉल?
ट्विशा के परिवार ने बुधवार रात को करीब 46 नंबर सार्वजनिक किए और आरोप लगाया कि ट्विशा की मौत के बाद गिरिबाला सिंह ने इन नंबरों पर कई कॉल किए. सवाल यह है कि यह कौन लोग थे, जिन्हें ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह कॉल कर रही थी और इसके पीछे की वजह क्या थी.

(रवीश पाल सिंह की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: