scorecardresearch

पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, जानें कैसे दिया घटना को अंजाम

उत्तराखंड स्थित ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घट उतार दिया है. इस अपराध को सड़क हादसे में दिखाने की कोशिश भी की. पुलिस ने जांच के बाद पूरे मामले का खुलासा कर दिया है. 

Advertisement
Wife murdered husband in collusion with her lover. Wife murdered husband in collusion with her lover.

देवभूमि उत्तराखंड में एक पत्नी ने अपने पति की हत्या कर दी है. इस हत्या में पत्नी का साथ उसका प्रेमी ने दिया है. मामला ऊधम सिंह नगर के काशीपुर का है. इस हत्या को सड़क हादसे में दिखाने की कोशिश भी की गई. अब पुलिस ने इस सड़क दुर्घटना के रहस्य से पर्दा उठा दिया है. सड़क हादसे में सामने आई युवक की मौत की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा दिया है. पुलिस ने मृतक की पत्नी को हत्या की साजिश का मास्टर माइंड बताया है

गले पर मिले चोट के निशान ने पैदा किया शक
आपको बता दें कि 17 अगस्त 2026 की सुबह काशीपुर के प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे धान के खेत में एक कार अनियंत्रित हालत में मिली थी. कार के अंदर करीब 24 वर्षीय संजीव कुमार खून से लथपथ हालत में मिला था. शुरुआत में मामला सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस को शव के गले पर मिले चोट के निशान ने शक पैदा कर दिया.

और रची हत्या की साजिश
इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की. जांच में मोबाइल सीडीआर, लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक साक्ष्यों को खंगाला गया. इन साक्ष्यों का मृतक की पत्नी निशा के बयानों से मिलान किया गया तो कई विरोधाभास सामने आए. पुलिस के मुताबिक, संजीव की पत्नी निशा का उसके पति के यहां काम करने वाले शिवम सैनी से प्रेम प्रसंग था. दोनों ने संजीव को रास्ते से हटाने की साजिश रची. इसमें शिवम ने अपने साथी कर्मजीत को भी शामिल कर लिया.

घायल संजीव को कार में ही छोड़कर हो गए फरार
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त को शिवम के जन्मदिन की पार्टी के बहाने शिवम और कर्मजीत, संजीव की कार से रामनगर गए. वहां मौका नहीं मिलने पर वापस लौटते समय राजपुर रोड, थारी के पास पीछे बैठे कर्मजीत ने संजीव की गर्दन से सटाकर 12 बोर के तमंचे से गोली मार दी. गोली लगते ही कार अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी. इसके बाद दोनों आरोपी घायल संजीव को कार में ही छोड़कर फरार हो गए. पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद शिवम ने फोन कर निशा को वारदात की जानकारी दी. पुलिस ने शिवम और कर्मजीत को मालवा फार्म पुलिया के पास से पकड़ लिया. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल 12 बोर का तमंचा, तीन खोखे, पांच जिंदा कारतूस और रक्तरंजित कपड़े बरामद किए हैं. पूछताछ और जांच में पत्नी निशा की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस जांच में शिवम और कर्मजीत के नाबालिग होने की पुष्टि हुई है. दोनों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है.

(रमेश चंद्रा की रिपोर्ट)