Viral Video
Viral Video
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक अनोखा मामला सामने आया है. एक थाने में अचानक जिन्न आ गया. जिससे थान में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में पुलिस वाले इकट्ठा हो गए. किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था. जिस युवक पर जिन्न आया था, वो चिल्ला रहा था. लेकिन जल्द ही पुलिसवालों ने जिन्न को भगा दिया. जमीन विवाद में युवक को पुलिस थाने लाई थी. अचानक उसपर जिन्न आ गया. वो चिल्लाने लगा, लेकिन जैसे ही कोतवाल ने पट्टा मंगवाया. जिन्न थाने से भाग गया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. ये वीडियो 2 महीने पुराना बताया जा रहा है.
थाने में आ गया जिन्न!
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो उन्नाव के बिहार थाने का बताया जा रहा है. ये वीडियो करीब दो महीने पुराना है. अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में साफ दिखा जा सकता है कि थाने के अंदर 2 व्यक्ति बैठे दिखाई दे रहे हैं. उसमें से एक व्यक्ति अचानक चीखने लगता है. पास में बैठा एक व्यक्ति उसको देखकर भाग खड़ा होता है. व्यक्ति चिल्लाते हुए बता रहा है कि उसके ऊपर जिन्न और औघड़ आ गए हैं.
इकट्ठा हो गए पुलिसवाले-
व्यक्ति के चिल्लाते ही थाने में हड़कंप मच गया और कोतवाल राहुल सिंह भी अपने कमरे से निकलकर बिना वर्दी के थाने में पहुंच गए. चिल्ला रहे व्यक्ति से जब कोतवाल ने पूछा क्या हुआ तो व्यक्ति बोलता हैं कि मैं जिन्न, औघड़ हूं, दो लोग हमेशा साथ रहते हैं. कभी जाते नहीं हैं. इसके परिवार वालों ने ही इसके ऊपर करवाया है. व्यक्ति चिल्लाते हुए कोतवाल को बताता है.
जमीन की खरीदारी का था मामला-
थाने के अंदर जिस शख्स के ऊपर जिन्न आया. उसका नाम पंकज कुमार है. वो दुर्गागंज का रहने वाला है. उससे राजेश कुमार ने जमीन खरीदने के लिए 10 हजार रुपए बयाना दिया था. जमीन का सौदा तय हो गया था. जब राजेश ने जमीन के पेपर चेक करवाए तो वह जमीन विवादित थी. राजेश ने जमीन लेने से मना कर दिया और अपना दिया हुआ पैसा वापस मांगने लगा. इसको लेकर पंकज और राजेश में विवाद हो गया. इसी मामले में पुलिस दोनों को थाने लाई थी.
जब कोतवाल ने मंगवाया पट्टा-
इसी दौरान अचानक पंकज के ऊपर जिन्न आ गया. जिसे देख थाने मे हड़कंप मच गया. इसकी जानकारी कोतवाल को हुई तो वह मौके पर पहुंच गए. जब पंकज ने चिल्लाकर अपने ऊपर जिन्न होने की बात बताई तो कोतवाल पहले समझता रहा. लेकिन जब पट्टा मंगवाया तो अचानक पंकज शांत हो गया. जिन्न उसके ऊपर से भाग गया. इस दौरान कोतवाल ने पंकज को एक तमाचा भी जड़ दिया.
पुलिस का क्या कहना है?
कोतवाल राहुल सिंह ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि वीडियो दो महीने पुराना है. जिसको पास में ही बैठी एक महिला पुलिस द्वारा बनाया गया था. लेकिन उसको दो महीने बाद किसी ने गलत तरीके से वायरल कर दिया है. जमीन विवाद में 10 हजार रुपए के लेनदेन का विवाद था.
(सूरज सिंह की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: