scorecardresearch

UP News: रक्षक बना भक्षक! दारोगा ने शादी और नौकरी का झांसा देकर किया रेप, जबरन अबॉर्शन और ₹8 लाख के जेवर हड़पने का आरोप, SSP ने किया सस्पेंड

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक बार फिर से खाकी शर्मसार हो गई. एक महिला ने दारोगा पर शादी और नौकरी का झांसा देकर रेप करने, जबरन अबॉर्शन कराने और 8 लाख रुपए के जेवर हड़पने का आरोप लगाया है. SSP ने इस मामले में दोरागा को सस्पेंड कर दिया. यहां आप पूरा मामला जान सकते हैं.

Woman Levels Allegations Against Sub-Inspector Naresh Babu in Bareilly (Photo: ITG)  Woman Levels Allegations Against Sub-Inspector Naresh Babu in Bareilly (Photo: ITG) 

बरेली के बारादरी थाने में तैनात रहे और वर्तमान में सिरौली थाने में पोस्टेड सब-इंस्पेक्टर नरेश बाबू पर एक महिला ने सनसनीखेज आरोप लगाए हैं. पीड़िता ने दारोगा पर नौकरी व शादी का झांसा देकर सरकारी क्वार्टर में कई बार रेप करने, जबरन अबॉर्शन कराने और 8 लाख रुपए के जेवर व रुपए हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता ने मंगलवार को एसएसपी अनुराग आर्य से मिलकर फोटो-वीडियो के रूप में सबूत सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई. एसएसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दारोगा को सस्पेंड कर दिया है. इस मामले की विभागीय जांच एसपी (दक्षिण) अंशिका वर्मा को सौंप दी गई है.

ऐसे हुई थी दारोगा नरेश बाबू से मुलाकात
पीड़ित महिला ने बताया कि उसका अपने पति के साथ साल 2022 से पारिवारिक विवाद चल रहा था और वह अलग रह रही थी. साल 2025 में वह पति और ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने बारादरी थाने गई थी. वहां उसकी मुलाकात दारोगा नरेश बाबू से हुई, जिसने मदद का भरोसा देकर नजदीकी बढ़ाई.

रेप और जबरन अबॉर्शन कराने का आरोप
पीड़ित महिला का आरोप है कि दारोगा ने महकमे में ऊंची पहुंच का हवाला देकर नौकरी लगवाने और अपनी पत्नी को तलाक देकर शादी करने का वादा किया. उसने महिला के साथ सरकारी क्वार्टर व उसके घर पर जबरन शारीरिक संबंध बनाए. इस दौरान आरोपी ने उसका जबरन अबॉर्शन (गर्भपात) भी करवा दिया.

और ले लिए इतने लाख रुपए के गहने 
पीड़ित महिला ने बताया कि फरवरी 2026 में दारोगा ने बेटे की शादी का बहाना बनाकर उससे 8 लाख रुपए के सोने के जेवर और रुपए ऐंठ लिए. जब महिला ने पैसे और जेवर वापस मांगे, तो दारोगा की पत्नी और बेटे ने आकर उसके साथ मारपीट की. विरोध करने पर दारोगा ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी. पीड़िता ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी उपनिरीक्षक और उसके परिवार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

एसएसपी ने की सख्त कार्रवाई
लगातार मिल रही धमकियों से तंग आकर पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई. एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि शिकायत के बाद दारोगा नरेश बाबू को सस्पेंड कर दिया गया है. एसपी दक्षिण अंशिका वर्मा की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.