नवरात्रि में गरबा और डांडिया की तैयारी के लिए खास कपड़े और जूलरी भी खरीदी जाती है. रंग-बिरंगी चनिया-चोली, कढ़ाई वाले ब्लाउज, झुमके, चूड़ियां और कमरबंद त्योहार के लुक को खास बनाते हैं. अगर आप भी इस नवरात्रि अपने लिए कुछ नया खरीदना चाहती हैं, तो दिल्ली के बाजारों में कई विकल्प मिल सकते हैं. यहां पारंपरिक गुजराती कपड़ों से लेकर कम बजट वाले ट्रेंडी आउटफिट तक मिल जाते हैं. आइए जानते हैं कि दिल्ली के किन बाजारों से क्या खरीद सकते हैं.
1. जनपथ और गुजराती लेन: रंगीन चनिया-चोली और जूलरी
नवरात्रि की शॉपिंग के लिए जनपथ मार्केट एक अच्छा ऑप्शन है. यहां कपड़ों, जूलरी और फैशन से जुड़ी कई छोटी दुकानें मिलती हैं. पास की गुजराती लेन में भी पारंपरिक गुजराती अंदाज के कपड़े और कढ़ाई वाले आउटफिट मिल सकते हैं. यहां रंग-बिरंगी चनिया-चोली, कढ़ाई वाले ब्लाउज, मिरर वर्क वाले कपड़े और एथनिक एक्सेसरीज आपके लुक में चार चांद लगाने के लिए काफी हैं. गरबा के लिए ऑक्सीडाइज्ड झुमके, नेकलेस और चूड़ियां भी आउटफिट के साथ मैच की जा सकती हैं. खरीदारी से पहले अलग-अलग दुकानों पर कीमत और कपड़े की क्वालिटी जरूर चेक करें.
2. लाजपत नगर मार्केट में मिलेंगे ट्रेडिशनल और ट्रेंडी कपड़ें
लाजपत नगर मार्केट में एथनिक कपड़ों और फैशन एक्सेसरीज की कई दुकानें हैं. यहां नवरात्रि के लिए रंगीन कुर्तियां, लहंगे, ब्लाउज, दुपट्टे और मैचिंग जूलरी तलाश सकती हैं. अगर आप पूरी चनिया-चोली के बजाय अपने पुराने कपड़ों को नया लुक देना चाहती हैं, तो कढ़ाई वाला ब्लाउज या रंगीन दुपट्टा भी खरीद सकती हैं. यहां अलग-अलग बजट के विकल्प मिल सकते हैं.
3. चांदनी चौक: लहंगे, फैब्रिक और शादी-पार्टी वाली जूलरी
चांदनी चौक खासतौर पर पारंपरिक कपड़ों, लहंगों, फैब्रिक और शादी-पार्टी की खरीदारी के लिए जाना जाता है. यहां नवरात्रि के लिए हैवी कढ़ाई वाले लहंगे, रंगीन कपड़े और ब्लाउज सिलवाने के लिए फैब्रिक तलाश सकती हैं. अगर आपको अपने हिसाब से चनिया-चोली तैयार करवानी है, तो कपड़ा खरीदकर अपनी पसंद की सिलाई करा सकती हैं. यहां जूलरी और सजावटी एक्सेसरीज के भी कई ऑप्शन मिलते हैं.
4. सरोजिनी नगर मार्केट
कम बजट में नवरात्रि की शॉपिंग करनी है, तो सरोजिनी नगर मार्केट जा सकती हैं. यहां ट्रेंडी टॉप, स्कर्ट, रंगीन कपड़े, दुपट्टे और फैशन एक्सेसरीज के ऑप्शन मिलते हैं. गरबा के लिए आप रंगीन स्कर्ट के साथ एथनिक ब्लाउज या क्रॉप टॉप मिलाकर अपना अलग लुक तैयार कर सकती हैं. यहां आपको जूलरी और छोटे फैशन आइटम भी मिल जाएंगे.
5. राजौरी गार्डन मार्केट
राजौरी गार्डन मार्केट में कपड़ों, फुटवियर और फैशन एक्सेसरीज की कई दुकानें हैं. यहां नवरात्रि के लिए लहंगे, एथनिक सूट, रंगीन ब्लाउज और गरबा लुक के साथ पहनने वाली जूलरी तलाश सकती हैं. अगर आप पारंपरिक कपड़ों के साथ थोड़ा मॉडर्न अंदाज चाहती हैं, तो यहां अलग-अलग स्टाइल के आउटफिट देख सकती हैं. गरबा के लिए आरामदायक जूती या सैंडल लेना भी न भूलें, ताकि लंबे समय तक डांस करने में परेशानी न हो.