सहारनपुर में रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही बाजार सज गए हैं और राखी की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ नजर आने लगी है. इस बार बाजार में कपल राखी, फैमिली पैक और अमेरिकन डायमंड वाली राखियों की खास डिमांड देखने को मिल रही है. बच्चों के लिए स्पाइडर-मैन, छोटा भीम, टॉम एंड जेरी समेत कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं.
इसके अलावा म्यूजिक, लाइट, टॉय और ब्रेसलेट वाली राखियां समेत करीब 15000 डिजाइन राखी के ग्राहकों को खूब पसंद आ रही हैं. दुकानदार अमित भाटला ने बताया कि बाजार में राखियों के हजारों डिजाइन उपलब्ध हैं. अलग-अलग कंपनियां हर साल नए डिजाइन लेकर आती हैं, जिनमें से ग्राहकों की पसंद और मांग के हिसाब से राखियां मंगाई जाती हैं.
इस बार कपल सेट और फैमिली पैक की डिमांड खास तौर पर बढ़ी है. अमेरिकन डायमंड और नाग वाली राखियां भी 300 से 400 रुपये की कीमत में खूब पसंद की जा रही हैं.
बाजार में राखियों की कीमत करीब 10 रुपये से शुरू होकर 800 रुपये तक पहुंच रही है. सामान्य राखियों के साथ महंगे और डिजाइनर विकल्प भी दुकानों पर उपलब्ध हैं.
दुकानदारों का कहना है कि जैसे-जैसे रक्षाबंधन नजदीक आ रहा है, बाजार में ग्राहकों की भीड़ बढ़ रही है और बिक्री भी अच्छी चल रही है. आने वाले दिनों में राखियों की खरीदारी और बढ़ने की उम्मीद है.