Harrison Nott
Harrison Nott
क्या आपने किसी ऐसे टॉवल के बारे में सुना है जो बॉडी को ठंडा रखने में मदद करता है…? नहीं सुना तो अब सुन लीजिए…तेज गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच एक 16 साल के लड़के ने ऐसा इनोवेशन किया है, जिसने न सिर्फ लोगों को राहत दी है बल्कि उसे इंटरनेशनल लेवल पर पहचान भी दिलाई है. ब्रिटेन के एसेक्स के रहने वाले हैरिसन नॉट ने एक ऐसा कूल टॉवल बनाया है, जो करीब दो घंटे तक ठंडक बनाए रख सकता है.
बेडरूम से शुरू हुआ करोड़ों का आइडिया
हैरिसन नॉट ने साल 2023 में अपने बेडरूम से ही कूलटॉवल नाम की कंपनी की शुरुआत की. पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने इस बिजनेस को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया. आज उनकी कंपनी 30,000 से ज्यादा ऑर्डर डिलीवर कर चुकी है और पिछले साल करीब 1 करोड़ रुपये की कमाई भी कर चुकी है.
कैसे काम करता है ये कूलटॉवल
यह टॉवल खास तीन-लेयर पॉलिएस्टर मटेरियल से बना है, जो पानी को लंबे समय तक बनाए रखता है. इसे इस्तेमाल करने का तरीका भी बेहद आसान है. सबसे पहले टॉवल को पानी में भिगोइए, निचोड़िए और फिर हल्का झटका दीजिए. इसके बाद यह टॉवल शरीर को ठंडक देने लगता है और करीब दो घंटे तक असर बनाए रखता है.
सोशल मीडिया से मिली बड़ी पहचान
हैरिसन ने अपने प्रोडक्ट को प्रमोट करने के लिए TikTok और Shopify जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया. उनकी मार्केटिंग इतनी सक्सेसफुल रही कि पिछले साल गर्मियों में उन्होंने एक दिन में ही लगभग 15 लाख रुपये की बिक्री कर ली.
फुटबॉलर भी हुए प्रभावित
पिछले साल नवंबर में लंदन में आयोजित हुई एक प्रतियोगिता में हैरिसन ने करीब 1.6 करोड़ रुपये का ग्रैंड प्राइज अपने नाम किया था. इस प्रतियोगिता में इंग्लैंड के पूर्व फुटबॉलर रियो फर्डिनेंड भी जज के तौर पर मौजूद थे. हैरिसन के आइडिया और मेहनत से प्रभावित होकर उन्होंने अपना कॉन्टेक्ट भी हेरिसल को दिया था. हैरिसन को उम्मीद है कि भविष्य में वह उनके बिजनेस में निवेश कर सकते हैं.
हैरिसन बताते हैं कि उन्हें बिजनेस की प्रेरणा अपने पिता मैथ्यू नॉट से मिली, जो खुद एक बिजनेस चलाते हैं. उन्होंने 8 साल की उम्र में ही eBay पर सामान बेचकर अपना पहला बिजनेस शुरू किया था. हालांकि, उन्होंने कई स्टार्टअप्स शुरू किए जो असफल रहे, लेकिन उन्हीं अनुभवों ने उन्हें आगे बढ़ने की सीख दी.
समाज के लिए भी कर रहे हैं काम
हैरिसन सिर्फ मुनाफे तक सीमित नहीं हैं. वे अपने कूलटॉवल प्रोडक्ट्स को उन चैरिटी संस्थाओं को दान करते हैं, जो बीमार लोगों की मदद करती हैं. उनका मानना है कि एक मजबूत और भरोसेमंद ब्रांड बनाना ही असली सफलता है. हैरिसन अब अपने बिजनेस को और बड़ा बनाना चाहते हैं.