5 types of Raita recipe
5 types of Raita recipe
आपके साथ भी ऐसा होता है कि दाल-चावल या पराठे के साथ कभी-कभी रायता खाने का मन होता है. रायता भले साधारण हो पर पूरे खाने का जायका बदल सकता है.
भारत भर में ही केवल रायता बनाने के 50 से ज्यादा तरीके हैं. हर राज्य का अपना स्वाद और पसंद है. आज हम आपको 5 रायता के बारे में बताने जा रहे हैं जो बनने में आसान हैं, लेकिन पूरे थाली को स्वादिष्ट बनाने का दम रखते हैं. इन्हें बनाना 5 मिनट का काम है.
1. बूंदी का रायता
ये रायता बनने में सबसे आसान है, इसलिए आपको पहले बता रहे हैं. आपको जरूरत के हिसाब से दही लेना है. फिर उसको पतला करने के लिए थोड़ा पानी मिला दीजिए, हालांकि ये आप पर निर्भर करता है कि आपको रायता कितना पतला चाहिए. फिर उसमें आधा छोटा चम्मच भूना जीरा पाउडर, भूना लाल मिर्च पाउडर आधा चम्मच और हल्का सा काली मिर्च पाउडर डालें. सब डालने के बाद मार्केट से लाई बूंदी डाल दें. फिर 5 मिनट छोड़ दें ताकि बूंदी नरम हो जाए और रायता का टेक्सचर क्रीमी हो जाए. इसका स्वाद पुलाव और दाल-चावल के साथ ज्यादा अच्छा लगता है.
2. अनार का रायता
सबसे पहले दही लें और उसमें काला नमक, सादा नमक, और भूना हुआ जीरा मिलाएं. फिर उसमें अनार के दाने डालें. इस रायता का स्वाद हल्का खट्टा-मीठा होता है. ये बच्चों को खूब पसंद आता है. इसको आप पुलाव के साथ सर्व करें, तो पुलाव का जायका और बढ़ जाएगा.
3. मिथिला स्टाइल लौकी और सरसों का रायता
ये थोड़ा तामझाम वाला अलग किस्म का रायता है. सबसे पहले लौकी को बारीक काट कर थोड़ी देर उबाल लें. फिर पीसा हुआ सरसों, काला नमक, सादा नमक और हरी मिर्च लौकी पर डालें. इन सब को फिर दही में मिला दें. फिर ऊपर से कच्चे सरसों का तेल जरूरत के हिसाब से मिलाएं. पराठे या पूरी के साथ इसका स्वाद और बढ़ जाता है. ये रायता मिथिला छेत्र में खास दिनों पर बनाया जाता है.
4. भूने हुए प्याज का रायता
सबसे पहले प्याज को लंबा-लंबा बारीक काट लें. एक कढ़ाई गैस पर चढ़ाएं, उसमें तेल गर्म करें. जब तेल गरम हो जाए तब प्याज को ब्राउन होने तक फ्राय करें. जब प्याज गोल्डन ब्राउन और कुरकुरी हो जाए, तब इसको दही में मिलाएं. ऊपर से भूना जीरा, काला और सफेद नमक डाल कर सर्व करें. ये दाल-चावल के साथ ज्यादा स्वादिष्ट लगती है.
5. मिक्स वेज रायता
गाजर, मूली, खीरा, चुकंदर और प्याज को बारीक काट लें, फिर ऊपर से दही मिलाएं. फिर काली मिर्च, काला नमक, सादा नमक, और भूना जारा पाउडर मिला कर तैयार कर लें मिक्स वेज रायता. इसको आप पराठे, दाल-चावल दोनों के साथ खा सकते हैं.
ये भी पढ़ें