scorecardresearch

न आतिशबाजी, न दिखावे पर बेहिसाब खर्च... शादी को यादगार बनाने के लिए सलोनी ने बनवा दिया पक्षियों का 6 मंजिला घर, धूप-बारिश से बचाने का भी इंतजाम

आमतौर पर शादियां शोर-शराबे, भव्य सजावट, आतिशबाजी और लाखों रुपये के खर्च के लिए जानी जाती हैं. लेकिन मध्‍य प्रदेश के आगर-मालवा की बेटी सलोनी जैन ने अपनी शादी को केवल एक पारिवारिक समारोह तक सीमित न रखकर, उसे समाज और प्रकृति के लिए प्रेरणा का माध्यम बना दिया है.

Advertisement
Bird Shelter Bird Shelter
हाइलाइट्स
  • सलोनी ने पक्षियों के लिए बनवा दिया 6 मंजिला आशियाना

  • शादी के खर्च का हिस्सा बेजुबानों के नाम किया

आमतौर पर शादी का नाम आते ही भव्य सजावट, आतिशबाजी, शोर-शराबा और लाखों रुपए के खर्च की तस्वीर सामने आती है. लेकिन मध्यप्रदेश के आगर-मालवा की बेटी सलोनी जैन ने अपनी शादी को कुछ अलग अंदाज में यादगार बनाया. उन्होंने शादी के खर्च में कटौती कर उसका एक हिस्सा जीव-दया और पर्यावरण संरक्षण के लिए लगाया. सलोनी और उनके परिवार ने मोती सागर तालाब के किनारे पक्षियों के लिए छह मंजिला आशियाना तैयार कराया है.

हर मंजिल पर पक्षियों के लिए अलग घर
छह मंजिला इस पक्षी आशियाने को इस तरह तैयार किया गया है कि अलग-अलग आकार के पक्षियों को यहां आसानी से जगह मिल सके. हर मंजिल पर छोटे-छोटे आशियाने बनाए गए हैं. छोटे पक्षियों के लिए गोल आकार के दरवाजे बनाए गए हैं, जबकि बड़े पक्षियों के लिए दरवाजों का आकार अलग रखा गया है. हर मंजिल पर एक छत भी बनाई गई है. इससे पक्षियों को तेज धूप में छांव मिलेगी और बारिश के दौरान भी वे सुरक्षित रह सकेंगे. तालाब के किनारे आशियाना होने से पक्षियों के लिए पानी की उपलब्धता भी बनी रहेगी.

पेड़ों के बीच मिलेगा प्राकृतिक माहौल
आशियाने के आसपास पहले से ही कई बड़े पेड़ मौजूद हैं. इससे पक्षियों को यहां प्राकृतिक वातावरण जैसा माहौल मिलेगा. पेड़ों की मौजूदगी उनके लिए बैठने और आसपास घूमने का सुरक्षित ठिकाना भी बनेगी.

Saloni Jain

शादी का खर्च कुछ देर की याद, लेकिन यह काम लंबे समय तक खुशी देगा
सलोनी जैन कहती हैं कि शादियों में लाखों रुपए खर्च कर एक समय का भोजन कराया जाता है. उसका स्वाद कुछ समय बाद यादों में ही रह जाता है. यदि उसी खर्च का कुछ हिस्सा जीव-दया और समाजहित में लगाया जाए तो उससे मिलने वाली आत्मिक संतुष्टि कहीं ज्यादा बड़ी होती है. उनका मानना है कि पारिवारिक आयोजनों को समाज और प्रकृति से जोड़ने की जरूरत है. शादी के कई खर्च समय के साथ भुला दिए जाते हैं, लेकिन बेजुबान जीवों के लिए किया गया छोटा सा प्रयास लंबे समय तक खुशी और संतोष देता है.

मोती सागर तालाब पर बनेगा नया आकर्षण
मोती सागर तालाब आगर-मालवा में आस्था के साथ-साथ शहरवासियों की दिनचर्या का भी अहम हिस्सा है. यहां रोज बड़ी संख्या में लोग पक्षियों को दाना डालने और प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने पहुंचते हैं. ऐसे में यह छह मंजिला पक्षी टॉवर पक्षियों के लिए सुरक्षित घर बनने के साथ शहर के नए आकर्षण के रूप में भी पहचान बना सकता है.

ये भी पढ़ें: