
Arijit Singh
Arijit Singh
ये बात हमें आपको बताने की जरूरत नहीं कि अरिजीत सिंह की आवाज में जो जादू और नशा है वो शायद ही अब के किसी सिंगर में हो. कॉन्सर्ट देखने और लाइव सुनने के शौकीन लोग अपने फेवरेट स्टार को सुनने के लिए कहीं भी जा सकते हैं. चलिए इतनी दीवानगी तो ठीक है लेकिन अगर हम आपको इसका टिकट 16 लाख का दें तो आप क्या कहेंगे?
क्यों चौंक गए क्या? दरअसल हाल ही में अरिजीत सिंह के इंडियन टूर के दौरान उनके पुणे कॉन्सर्ट के टिकट 16 लाख रुपये की भारी कीमत में बेचा जा रहा है. बता दें कि ये 16 लाख एक टिकट के लिए नहीं है, बल्कि 40 लोगों के समूह के लिए है, जिसमें खाना और शराब शामिल है. फिर भी, एक कंसर्ट टिकट के लिए 40,000 अभी भी औसत लोगों की जेब पर भारी है!
क्या है कीमत?
स्टैंडिंग एरिया की कीमत 999 रुपये से शुरू होती है जबकि प्रीमियम लाउंज के लिए यह 16 लाख रुपये तक जाती है. बुकिंग वेबसाइट के मुताबिक, एक लाउंज में 40 लोग बैठ सकते हैं. इस तरह से टिकट के पैसे में बढ़ोतरी देखकर फैंस काफी निराश हैं और कई लोगों ने अपने विचार शेयर करने के लिए ट्विटर का सहारा लिया. इस पर लोगों के कमेंट्स देखकर आपकी भी हंसी छूट जाएगी.
लोगों ने किए कमेंट
अरिजीत के इस कॉन्सर्ट के टिकट प्राइस का स्क्रीनशॉट किसी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया जोकि खूब वायरल हो रहा है. इस पर लोगों के बड़े अनोखे कमेंट्स आ रहे हैं. कोई कह रहा है कि अरिजीत के गाने अकेले में सुनकर रो लेंगे क्योंकि वो ज्यादातर सैड सॉन्ग्स ही गाते हैं. वहीं एक यूजर ने कहा कि 16 लाख रुपए में अरिजीत के घर के बगल में एक छोटा सा घर खरीदा जा सकता है. बता दें कि अरिजीत सिंह 27 जनवरी, 2023 को पुणे के The Mills में परफॉर्म करेंगे. इसकी टिकट पेटिएम इनसाइडर पर मिल रही है.

