Groom went for jaimala with bride on his bullet
Groom went for jaimala with bride on his bullet
हर किसी के लिए अपनी शादी बहुत खास होती है. और हर कोई इस दिन को स्पेशल बनाना चाहता है. जिसके लिए आजकल लोग घोड़ी, लक्ज़री कार से लेकर हेलीकॉप्टर तक का इस्तेमाल कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ में भी कुछ ऐसा ही अनोखा देखने को मिला.
यहां एक दूल्हा अपनी दुल्हन को बुलेट पर बिठाकर जयमाला के लिए लेकर गया. जयमाला स्टेज तक अक्सर दुल्हन चलकर या पालकी में बैठकर आती है. और दूल्हा स्टेज पर इन्तजार करता है. लेकिन दूल्हे का दुल्हन को बुलेट पर बिठाकर स्टेज तक ले जाना कुछ अलग और अनोखा है.
दूल्हे का नाम रवि कुमार है और उनका कहना है कि उन्हें अपनी बुलेट से बहुत प्यार है. और अब उनकी पत्नी उनका प्यार हैं. इसलिए उन्होंने अपनी पसंदीदा बाइक पर अपनी जीवनसंगिनी को बिठाकर नए जीवन की तरफ कदम रखा.
बुलेट राजा बना दूल्हा:
रवि का कहना है कि उन्होंने अपने परिवार या होने वाली पत्नी को भी इसके बारे में नहीं बताया था कि वह ऐसा कुछ सोच रहे हैं. यह सबके लिए एक खूबसूरत सरप्राइज था. रवि ने अपनी दुल्हन को बुलेट पर बिठाया और सभी घराती-बारातियों के बीच में से होते हुए स्टेज तक पहुंचे.
उनके इस सरप्राइज का सबने स्वागत किया और घराती और बारातियों ने इस नई तरह की रस्म का आनंद लिया. इसलिए सभी की ख़ुशी और बढ़ गई थी. क्योंकि यह देखकर अच्छा लगा कि इस आधुनिक युग में नए-नए रीति-रिवाजों का घर परिवार वाले भी स्वागत भी कर रहे हैं.
(आज़मगढ़ से राजीव कुमार की रिपोर्ट)