Azamgarh son reached police station with complaint against his father (Photo- Screengrab)
Azamgarh son reached police station with complaint against his father (Photo- Screengrab)
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 55 वर्षीय व्यक्ति पर सातवीं शादी की तैयारी करने का आरोप लगा है. इस मामले में उसके नाबालिग बेटे ने ही थाने में तहरीर देकर शादी रुकवाने की गुहार लगाई है. बेटे का आरोप है कि उसके पिता अब तक छह शादियां कर चुके हैं और अब सातवीं शादी की तैयारी में लगे हैं.
बेटे ने कहा-मेरी मां से की थी तीसरी शादी
अहरौला थाना क्षेत्र के रहने वाले शनि मौर्य ने बताया कि उनके पिता अमरजीत मौर्य (55) ने उनकी मां से तीसरी शादी की थी. बेटे के अनुसार, उनकी मां से पहले भी पिता दो शादियां कर चुके थे. इसके बाद भी उन्होंने कई और शादियां कीं और अब तक कुल छह शादियां कर चुके हैं.
2024 में की थी छठी शादी
शनि मौर्य का आरोप है कि उनके पिता ने साल 2024 में छठी शादी की थी. कुछ दिन साथ रहने के बाद वह महिला जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाने लगी. जब जमीन उनके नाम नहीं की गई तो उसने जेवर की मांग शुरू कर दी. बाद में जेवर नहीं मिलने पर वह कहीं और चली गई.
सातवीं शादी के लिए जमीन बेचने की तैयारी
बेटे का आरोप है कि अब उनके पिता सातवीं शादी के लिए लोगों से संपर्क कर रहे हैं. उन्होंने जमीन बेचने की भी तैयारी कर ली है और इस सिलसिले में किसी व्यक्ति से 50 हजार रुपये एडवांस भी ले चुके हैं. परिवार के अनुसार, अमरजीत मौर्य अपनी आधे से ज्यादा जमीन पहले ही गिरवी रख चुके हैं.
बेटा मजदूरी करके चुका रहा कर्ज
शनि मौर्य ने बताया कि उनके पिता ने कई लोगों से कर्ज ले रखा है. वह खुद मजदूरी करके उस कर्ज को चुकाने की कोशिश कर रहा है. बेटे ने कहा कि पिता ने जबरन उसे कमाने के लिए बाहर भेज दिया था. वह अभी 12वीं की परीक्षा देने के लिए घर आया है और इसी दौरान उसे पिता की सातवीं शादी की तैयारी की जानकारी मिली.
गांव के प्रधान ने भी कई शादियों की पुष्टि की
गांव के प्रधान शत्रुघ्न कनौजिया ने भी बताया कि अमरजीत मौर्य पहले भी कई शादियां कर चुके हैं. यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. घर में मौजूद अमरजीत मौर्य की बुजुर्ग मां ने भी पांच शादियां होने की बात कही. वहीं आरोपी अमरजीत मौर्य ने भी कई शादियां होने की बात स्वीकार की है.
इस मामले में अहरौला थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि बेटे की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है. दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.