scorecardresearch

Banda News: प्रेमिका से शादी करा दो... नहीं तो नीचे कूदकर मर जाऊंगा, पुल के रेलिंग पर चढ़ा सिरफिरा आशिक, गर्लफ्रेंड को बुलाकर उतारी पुलिस

बांदा में कथित प्रेमिका से शादी की जिद में एक सिरफिरा आशिक केन नदी के रेलवे पुल की करीब 30 फीट ऊंची रेलिंग पर चढ़ गया और नीचे कूदकर मरने की धमकी देने लगा. वह अपनी कथित प्रेमिका को मौके पर बुलाने की मांग कर रहा था. पुलिस ने लड़की को बुलाकर युवक को समझाया और सुरक्षित नीचे उतारा. 

Advertisement
Lover climbs bridge railing to marry his girlfriend Lover climbs bridge railing to marry his girlfriend

यूपी के बांदा में शुक्रवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां एक एक सिरफिरा आशिक शादी की जिद में केन नदी के रेलवे पुल की करीब 30 फीट ऊंची रेलिंग पर चढ़ गया और वहां से नीचे कूदकर मरने की धमकी देने लगा. युवक कथित तौर पर अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की इसके लिए तैयार नहीं थी. देखते ही देखते मौके पर हड़कंप मच गया.

राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
राहगीरों ने युवक को पुल की रेलिंग पर चढ़े देखा तो पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे समझाने और नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी कथित प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा. वह कहता रहा कि लड़की को बुलाकर उसकी शादी करा दो, वरना वह पुल से कूद जाएगा. बताया जा रहा है कि दोनों पहले एक-दूसरे के संपर्क में थे, लेकिन शादी की बात आने के बाद मामला बिगड़ गया.

जबरन करना चाहता था शादी
पुलिस के मुताबिक, युवक लड़की से जबरन शादी करना चाहता था. काफी मान-मनौव्वल के बाद पुलिस ने लड़की को मौके पर बुलाया. लड़की के पहुंचने के बाद युवक को समझाकर किसी तरह नीचे उतारा गया. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह मामला मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ इलाके का बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि युवक अपनी प्रेमिका को मनाने की कोशिश कर रहा था और उससे शादी करना चाहता था. लड़की शादी के लिए तैयार नहीं हुई तो युवक रेलिंग पर चढ़ गया. वह खुदकुशी करने की धमकी देते हुए लड़की को मौके पर बुलाने की जिद करने लगा. पुलिस ने काफी समझाने के बाद लड़की को वहां बुलाया, जिसके बाद वह नीचे उतरा. पुलिस के अनुसार, युवक मानसिक तनाव में भी था. इसी बीच उसके खिलाफ पहले से एक मुकदमा दर्ज था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. लड़की की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत केस दर्ज किया गया था. 

समझा-बुझाकर युवक को नीचे उतारा गया
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि सूचना मिली थी कि बांदा थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के केन नदी पुल भूरागढ़ के पास एक व्यक्ति रेलवे पुल के ऊपर चढ़ा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर युवक को नीचे उतारा गया. युवक की पहचान विकास के रूप में हुई. पुलिस अधिकारी ने बताया कि युवक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो बनाने का काम करता था. उसके सहयोगी कर्मी की ओर से ही उसके खिलाफ अभियोग दर्ज कराया गया था. पुलिस का कहना है कि विवेचना में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने युवक को पुल से सुरक्षित नीचे उतारने के बाद उसे जेल भेजने की कार्रवाई की है.