Bike Riding Tips
Bike Riding Tips
दोपहर की तेज धूप में बाहर निकलना किसी मुश्किल से कम नहीं होता, खासकर तब जब आप बाइक चला रहे हों. चिलचिलाती धूप सीधे शरीर पर पड़ती है और गर्म हवा के थपेड़े ऐसा महसूस कराते हैं मानो आग की लपटें झुलसा रही हों. ऐसे में शरीर जल्दी थक जाता है, ध्यान भटकने लगता है और जरा सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है. इसलिए गर्मियों में बाइक चलाते समय कुछ जरूरी सेफ्टी नियमों का ध्यान रखना बेहद जरूरी हो जाता है.
धूप से सुरक्षा की पहली ढाल
गर्मी हो या सर्दी, हेलमेट पहनना कभी नहीं छोड़ना चाहिए. गर्मियों में यह केवल सुरक्षा नहीं देता बल्कि तेज धूप और लू से बचाने वाली ढाल भी बन जाता है. सिर शरीर का सबसे नाजुक हिस्सा है, जो जल्दी गर्म हो जाता है. हेलमेट पहनने से सिर को सीधी धूप से राहत मिलती है और दुर्घटना की स्थिति में सुरक्षा भी मिलती है.
हाथों को जलन से बचाएं
लंबी दूरी तक बाइक चलाते समय हाथों पर लगातार धूप लगती रहती है. जिससे सनबर्न और जलन की समस्या हो सकती है. ऐसे में ग्लव्स पहनना बेहद फायदेमंद साबित होता है. यह न सिर्फ हाथों को गर्म हवा से बचाते हैं बल्कि बाइक की पकड़ भी मजबूत रखते हैं, जिससे कंट्रोल बेहतर रहता है.
बीच-बीच में ब्रेक लेना है जरूरी
गर्मी में लगातार लंबे समय तक बाइक चलाना शरीर और बाइक दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकता है. बेहतर है कि हर कुछ समय बाद रुककर छांव में आराम किया जाए. इससे शरीर को राहत मिलती है और बाइक का इंजन भी ठंडा हो जाता है, जिससे उसकी परफॉर्मेंस बनी रहती है.
हाइड्रेशन बनाए रखना बेहद जरूरी
गर्मी में शरीर से पसीने के जरिए पानी तेजी से निकलता है, जिससे डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए प्यास लगने का इंतजार करने की बजाय रुक-रुककर पर पानी पीते रहना चाहिए. ओआरएस या इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक भी शरीर को एनर्जी देने में मदद करते हैं और थकान को कम करते हैं.
अनकंफर्टेबल हों तो रुकें
अगर बाइक चलाते समय चक्कर, कमजोरी या बेचैनी महसूस हो तो तुरंत गाड़ी रोककर किसी छायादार जगह पर बैठ जाएं. ऐसे समय में ड्राइविंग जारी रखना बेहद खतरनाक हो सकता है, क्योंकि ध्यान भटकने से दुर्घटना का जोखिम बढ़ जाता है.