Chandi Payal Cleaning Tips
Chandi Payal Cleaning Tips
महिलाओं के शृंगार का हिस्सा पायल है. चांदी की पायल सुंदरता को बढ़ाने का काम करती है. यदि पैर में पहने-पहने या रखे-रखे चांदी की पायल काली हो गई है तो परेशान न हों. हम कुछ ऐसे घरेलू टिप्स बता रहे हैं, जिन्हें आजमाकर चांदी की पायल को सिर्फ 2 मिनट में चकाचक साफ किया जा सकता है. आप बेकिंग सोडा और नींबू का इस्तेमाल करके, टूथपेस्ट से और एल्युमिनियम फॉयल व नमक से पायल को साफ कर सकती हैं. आपको मालूम हो कि पसीना, धूल, नमी और हवा में मौजूद सल्फर चांदी के साथ रिएक्ट करके उसकी चमक को कम कर देते हैं. ऐसे में चांदी की नियमित सफाई करना जरूरी होता है.
चांदी की पायल साफ करने के तरीके
1. बेकिंग सोडा और नींबू: आप काली पड़ी चांदी की पायल को बेकिंग सोडा और नींबू की मदद से साफ कर सकती हैं. यह चांदी की पायल को साफ करने का बहुत ही असरदार उपाय है. इसके लिए आपको एक कटोरी में थोड़ा बेकिंग सोडा लेना होगा. इसके बाद उसमें नींबू का रस मिलाकर पेस्ट बनाना होगा. फिर इस पेस्ट को चांदी की पायल पर लगाकर हल्के हाथ से रगड़ना होगा और साफ पानी से धोना होगा. ऐसा करने से चांदी के पायल पर चढ़ी काली परत हट जाएगी और पायल चमकने लगेगी.
2. टूथपेस्ट का करें इस्तेमाल: आप काली पड़ी चांदी की पायल को साफ करने के लिए टूथपेस्ट का इस्तेमाल कर सकती हैं. इसके लिए जरा सा सफेद टूथपेस्ट लेकर चांदी की पायल पर लगाएं और ब्रश या कपड़े से हल्के हाथों से साफ करें. ऐसा करने के बाद पानी से पायल को धोकर सूखे कपड़े से पोंछ लें. इससे पायल एकदम नई जैसी हो जाएगी.
3. एल्युमिनियम फॉयल और नमक: चांदी की पायल को साफ करने के लिए एल्युमिनियम फॉयल और नमक का इस्तेमाल कर सकती है. किसी बर्तन में एल्युमिनियम फॉयल बिछाएं. फिर उसमें गर्म पानी डालें. इसके बाद इसमें थोड़ा नमक और बेकिंग सोडा मिलाएं और चांदी की काली पायल को उसमें कुछ देर के लिए डुबोकर रखें. यह केमिकल रिएक्शन के जरिए काली परत को हटाने में मदद करता है. पायल फिर से चमकने लगती है.
4. सिरका और बेकिंग सोडा: आप चांदी की पायल को साफ करने के लिए सिरका और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर सकती है. इसके लिए एक कप सफेद सिरके में दो चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं. फिर उसमें चांदी की पायल को दो-तीन घंटे के लिए भिगो दें. इसके बाद पानी से पायल को धो लें और सूखे कपड़े से पोंछ लें. ऐसा करने से पायल के ऊपर जमी हुई गंदगी और कालापन हट जाएगा.
5. पायल को सही तरीके से रखें: चांदी की पायल को एकदम नया जैसा रखने के लिए सिर्फ इसे साफ करने की जरूरत नहीं होती बल्कि इसे सही तरीके से स्टोर भी करना चाहिए. चांदी की पायल को सूखी जगह पर रखना चाहिए. इसे एयरटाइट डिब्बे में रखना चाहिए. पायल पहनने के बाद उसे साफ कपड़े से पोंछकर रखें ताकि पसीना और धूल उस पर जमा न हो.