scorecardresearch

Viral: नदी के बाद अब जंगल साफ करने निकले 'बिट्टू तबाही', 100 लोगों की टीम के साथ बेंगलुरु के तुराहल्ली फॉरेस्ट से हटाया कचरा

बिट्टू और उनकी टीम ने सफाई के दौरान दस्ताने और मास्क पहने हुए थे. जंगल में कई जगह कचरा जमीन के अंदर तक दबा हुआ था. इसे निकालने के लिए टीम के सदस्यों ने फावड़े और दूसरे सामान का इस्तेमाल किया.

Advertisement
Bittu Tabahi leads 100 people in massive clean-up of Bengaluru Turahalli Forest Bittu Tabahi leads 100 people in massive clean-up of Bengaluru Turahalli Forest

मध्य प्रदेश की अजनार नदी को साफ करने के बाद सुर्खियों में आए बिट्टू तबाही अब अपने नए मिशन पर निकल पड़े हैं. बिट्टू तबाही के नाम से मशहूर 20 साल के सुरेंद्र सिंह चौधरी अब बेंगलुरु पहुंच गए हैं. यहां उन्होंने करीब 100 लोगों की टीम के साथ तुराहल्ली फॉरेस्ट में सफाई अभियान चलाया. टीम ने जंगल में जगह-जगह फैले कचरे को उठाया और जमीन के अंदर दबे कचरे को भी बाहर निकाला.

दस्ताने-मास्क पहनकर सफाई में जुटी टीम
बिट्टू और उनकी टीम ने सफाई के दौरान दस्ताने और मास्क पहने हुए थे. जंगल में कई जगह कचरा जमीन के अंदर तक दबा हुआ था. इसे निकालने के लिए टीम के सदस्यों ने फावड़े और दूसरे सामान का इस्तेमाल किया. जिन जगहों पर कचरा काफी अंदर तक पहुंच गया था, वहां JCB मशीन की मदद ली गई. जमीन से निकाले गए कचरे को बोरियों में भरकर एक जगह इकट्ठा किया गया. इसके बाद रीसाइक्लिंग ट्रक के जरिए कचरे को वहां से बाहर भेजा गया.

बोले- अलग-अलग राज्यों में जाकर चला रहा हूं अभियान
बिट्टू ने अपने सफाई अभियान का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. इसमें उन्होंने बताया कि वह अलग-अलग राज्यों में जाकर लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करने की कोशिश कर रहे हैं. उनके मुताबिक, बेंगलुरु के लोगों ने भी उनके अभियान में साथ दिया. कई लोग खुद सफाई करने के लिए टीम के साथ जुड़ गए और जंगल से कचरा हटाने में मदद की.

 

अजनार नदी की सफाई से मिली पहचान
बिट्टू तबाही को सबसे ज्यादा पहचान मध्य प्रदेश की अजनार नदी की सफाई से मिली. उन्होंने कई महीनों तक नदी में जमा प्लास्टिक, बोतलें और दूसरे तरह का कचरा हटाया. वह सफाई के दौरान के वीडियो और पहले और बाद की तस्वीरें सोशल मीडिया पर लगातार शेयर करते रहे. इन तस्वीरों और वीडियो ने लोगों का ध्यान खींचा और देखते ही देखते बिट्टू सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. खास बात यह रही कि उनका अभियान किसी बड़े सरकारी कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था. वह अपनी तरफ से सफाई का सामान जुटाते और बार-बार नदी पर पहुंचकर सफाई करते रहे.

सफाई के काम से मिला नौकरी का ऑफर
अजनार नदी की सफाई के दौरान बिट्टू के काम की चर्चा विदेशों तक पहुंची. इसके बाद डच पर्यावरण कार्यकर्ता बॉयन स्लैट की संस्था द ओशन क्लीनअप की ओर से उन्हें नौकरी का ऑफर मिला. ऑफर मिलने के बाद बिट्टू ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर लोगों का धन्यवाद किया. उन्होंने लोगों से यह भी पूछा कि अब उन्हें सफाई अभियान के लिए किस राज्य में जाना चाहिए.