How to deal with Breakup
How to deal with Breakup
प्यार जिंदगी का खूबसूरत एहसास होता है. जब कोई इंसान दिल के करीब आ जाता है, तो उसकी आदत, बातें और मौजूदगी हमारी दुनिया का हिस्सा बन जाती है. लेकिन हर रिश्ता मंजिल तक पहुंचे, ऐसा जरूरी नहीं. कई बार हालात ऐसे बनते हैं कि रिश्ता खत्म करना पड़ता है और वहीं से शुरू होता है दिल टूटने का सबसे मुश्किल दौर. ब्रेकअप के बाद खुद को संभालना आसान नहीं होता, क्योंकि यादें बार-बार परेशान करती हैं. ऐसे में जरूरी है कि धीरे-धीरे खुद को उस दर्द से बाहर निकालने की कोशिश की जाए.
खुद को थोड़ा समय दें
ब्रेकअप के तुरंत बाद सबकुछ सामान्य लगना मुश्किल होता है. मन भारी रहता है और हर चीज अधूरी सी लगती है. ऐसे समय में खुद को जबरदस्ती मजबूत दिखाने की जरूरत नहीं होती. थोड़ा रुकिए, अपने मन को समझिए और खुद के साथ समय बिताइए. कभी-कभी अकेले बैठकर यह समझना जरूरी होता है कि रिश्ते में क्या सही था और क्या गलत. यह समय आपको खुद को बेहतर समझने में मदद कर सकता है.
पुरानी यादों से थोड़ा दूरी बनाएं
कुछ जगहें, गाने या चीजें रिश्ते की यादें ताजा कर देती हैं. वही कैफे, सड़कें या बातें मन को बार-बार पुराने समय में ले जाती हैं. ऐसे में कोशिश करें कि कुछ थोड़े टाइम तक उन जगहों और चीजों से दूरी बना लें. इसके बजाय नई जगहों पर जाएं, नए अनुभव लें और अपनी जिंदगी में नई यादें जोड़ें. धीरे-धीरे पुरानी बातें उतनी तकलीफ नहीं देंगी.
एक्स की जिंदगी पर नजर रखना बंद करें
ब्रेकअप के बाद कई बार लोग सोशल मीडिया पर अपने एक्स को स्टाक करने लगते हैं. वह क्या कर रहा है, किसके साथ है या उसकी जिंदगी कैसी चल रही है, इन बातों को जानने की आदत दर्द और बढ़ा सकती है. अगर सच में आगे बढ़ना है, तो कुछ समय के लिए सोशल मीडिया से दूरी या उन्हें म्यूट/ब्लॉक करना भी मददगार हो सकता है. हर बार उनकी तस्वीर देखना पुराने जख्मों को फिर ताजा कर देता है.
खुद को नए कामों में व्यस्त रखें
यह समय खुद को दोबारा पहचानने का भी हो सकता है. वह काम करें, जिन्हें आप पहले करना चाहते थे लेकिन कभी मौका नहीं मिला. नई हॉबी शुरू करें, कहीं घूमने जाएं या कोई नया स्किल सीखें. जब मन किसी नई चीज में लगने लगता है, तो धीरे-धीरे दर्द की जगह नई ऊर्जा आने लगती है.
अपने लोगों के करीब रहें
दिल टूटने के बाद अकेलापन ज्यादा महसूस होता है. ऐसे में परिवार और अच्छे दोस्तों के साथ समय बिताना बहुत जरूरी होता है. वे लोग जो आपको समझते हैं, आपकी बात सुनते हैं और बिना जज किए आपका साथ देते हैं, वही इस मुश्किल समय में सबसे ज्यादा ताकत बनते हैं.
खुद को माफ करें और आगे बढ़ें
कई लोग ब्रेकअप के बाद खुद को दोष देने लगते हैं. लेकिन हर रिश्ता खत्म होना आपकी गलती नहीं होता. जो हुआ उसे स्वीकार करना जरूरी है. जिस इंसान ने दर्द दिया, उसे माफ करना शायद आसान न हो, लेकिन खुद को माफ करना आपके मन को हल्का कर सकता है. सबसे जरूरी है खुद को माफ करना और यह समझना कि एक रिश्ता खत्म होने का मतलब जिंदगी खत्म होना नहीं होता.
ये भी पढ़ें