scorecardresearch

Broccoli Recipes: डॉक्टर ने कहा बोला ब्रोकली खाने को.. तो इन 5 रेसिपी को अपनाएं, बनेगी एकदम टेस्टी

ब्रोकली विटामिन C, विटामिन K और कई शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होती है, जो शरीर की इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मदद करते हैं.

Broccoli Recipes Broccoli Recipes

ब्रोकली एक बेहद पौष्टिक हरी सब्जी है, जिसे हेल्दी डाइट का अहम हिस्सा माना जाता है. इसमें कैलोरी बहुत कम होती है, जबकि फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है. इसके अलावा ब्रोकली विटामिन C, विटामिन K और कई शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होती है, जो शरीर की इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मदद करते हैं. अच्छी बात यह है कि ब्रोकली को नाश्ते से लेकर डिनर तक कई अलग-अलग तरीकों से अपनी डाइट में शामिल किया जा सकता है. आइए जानते हैं ब्रोकली से बनने वाली 5 हेल्दी और टेस्टी रेसिपी.

लहसुन वाली ब्रोकली
ब्रोकली स्टर-फ्राई एक बेहद आसान और झटपट बनने वाली रेसिपी है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में एक चम्मच ऑलिव ऑयल गर्म करें. फिर इसमें बारीक कटा लहसुन डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें. इसके बाद कटी हुई ब्रोकली डालें और मध्यम आंच पर 5–7 मिनट तक चलाते हुए पकाएं. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें नमक, काली मिर्च और थोड़ा नींबू का रस डाल सकते हैं. अगर चाहें तो इसमें टोफू, पनीर या उबले हुए चने भी मिला सकते हैं. यह डिश डिनर के लिए एक हेल्दी विकल्प हो सकती है.

ब्रोकली मूंग दाल सूप
अगर आपको हल्का और पौष्टिक सूप पसंद है, तो ब्रोकली मूंग दाल सूप एक अच्छा ऑप्शन है. इसे बनाने के लिए पहले दो चम्मच पीली मूंग दाल उबाल लें. अब एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें अदरक व लहसुन हल्का भून लें. इसके बाद कटी हुई ब्रोकली डालकर कुछ मिनट तक पकाएं. जब ब्रोकली नरम हो जाए, तब इसमें उबली हुई दाल और थोड़ा पानी मिलाकर पकाएं. नमक और काली मिर्च डालकर करीब 10 मिनट तक उबालें. चाहें तो इसे ब्लेंड करके स्मूद सूप बना सकते हैं या ऐसे ही भी पी सकते हैं. दाल से मिलने वाला प्रोटीन और ब्रोकली का फाइबर इसे हेल्दी बनाता है.

रोस्टेड ब्रोकली स्नैक
ब्रोकली को रोस्ट करके भी एक स्वादिष्ट और हेल्दी स्नैक बनाया जा सकता है. इसके लिए एक पैन में ऑलिव ऑयल या अपनी पसंद का कोई भी तेल हल्का गर्म करें. फिर इसमें ब्रोकली के टुकड़े, नमक और काली मिर्च डालकर 15–20 मिनट तक भून लें. जब ब्रोकली हल्की कुरकुरी हो जाए, तो ऊपर से कद्दू या सूरजमुखी के बीज डालकर परोसें. शाम के समय हल्की भूख लगने पर यह एक अच्छा स्नैक साबित हो सकता है.

ब्रोकली पनीर भुर्जी
ब्रोकली और पनीर का कॉम्बिनेशन स्वाद के साथ-साथ पोषण भी देता है. इसे बनाने के लिए एक पैन में एक चम्मच तेल गर्म करें. इसमें जीरा डालें और फिर कटा हुआ प्याज, अदरक और हरी मिर्च डालकर भून लें. अब बारीक कटी ब्रोकली डालकर करीब 5 मिनट तक पकाएं. इसके बाद मसलकर पनीर डालें और हल्दी, नमक व थोड़ा गरम मसाला मिलाकर 5 मिनट तक और पकाएं. यह डिश लंच या डिनर के लिए अच्छा विकल्प हो सकती है.

ब्रोकली ओट्स चीला
ब्रोकली को नाश्ते में शामिल करने के लिए ब्रोकली ओट्स चीला बनाया जा सकता है. इसके लिए आधा कप ओट्स को पीसकर आटा बना लें. अब इसमें बारीक कटी ब्रोकली, कद्दूकस की हुई गाजर, दही, नमक और थोड़ा पानी डालकर घोल तैयार करें. एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और इस घोल को चीले की तरह फैलाकर दोनों तरफ से अच्छी तरह सेक लें. इसे पुदीने की चटनी या दही के साथ परोस सकते हैं.