Chowmein Samosa
Chowmein Samosa
शाम होते ही अक्सर चाय के साथ कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाने का मन करने लगता है. ऐसे समय में समोसा सबसे पसंदीदा स्नैक्स में से एक होता है. आमतौर पर समोसों में आलू की फिलिंग डाली जाती है, लेकिन अगर आप स्वाद में थोड़ा बदलाव चाहते हैं तो चाऊमीन समोसा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है.
बाहर से करारा और अंदर से सॉसी चाऊमीन से भरा यह समोसा बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को बेहद पसंद आता है. खास बात यह है कि इसे घर पर बनाना भी ज्यादा मुश्किल नहीं है और आप अपनी पसंद के अनुसार इसमें सब्जियां और मसाले भी जोड़ सकते हैं. अगर कुछ आसान टिप्स को ध्यान में रखा जाए तो घर पर भी बिल्कुल परफेक्ट और क्रिस्पी चाऊमीन समोसा बनाया जा सकता है.
सही नूडल्स का चुनाव
चाऊमीन समोसा बनाते समय नूडल्स का चयन बहुत अहम होता है. कोशिश करें कि आप पतले नूडल्स का इस्तेमाल करें, जैसे हक्का नूडल्स या इंस्टेंट चाउमीन नूडल्स. इन्हें उबालते समय इस बात का ध्यान रखें कि नूडल्स पूरी तरह नरम न हों, बल्कि हल्के से कड़क रहें. इससे समोसे के अंदर भरने पर नूडल्स चिपचिपे या गीले नहीं होंगे और समोसा ज्यादा स्वादिष्ट बनेगा.
स्वाद से भरपूर फिलिंग तैयार करें
चाऊमीन समोसा का असली स्वाद उसकी फिलिंग में ही छिपा होता है. इसके लिए एक पैन में थोड़ा सा तेल गरम करें और उसमें बारीक कटा हुआ लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालकर भूनें.
इसमें पतली कटी हुई सब्जियां जैसे पत्ता गोभी, गाजर, शिमला मिर्च और स्प्रिंग अनियन डालें. इन्हें तेज आंच पर हल्का सा भूनें ताकि सब्जियां अपनी कुरकुराहट बनाए रखें. इसमें सोया सॉस, चिली सॉस, नमक और काली मिर्च डालकर स्वाद बढ़ाएं. आखिर में उबले हुए नूडल्स डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें.
फिलिंग न हो ज्यादा गीली या ऑयली
चाऊमीन समोसा बनाते समय यह ध्यान रखना बेहद जरूरी है कि उसकी फिलिंग ज्यादा गीली न हो. अगर फिलिंग में ज्यादा नमी होगी तो समोसा नरम पड़ सकता है और उसका कुरकुरापन खत्म हो जाएगा. इसलिए फिलिंग तैयार करने के बाद उसे थोड़ा ठंडा होने दें और फिर समोसे में भरें. इससे समोसे की शीट फटने की संभावना भी कम हो जाती है और समोसे का स्वाद भी बेहतर बनता है.