cheapest vegetable market in delhi
cheapest vegetable market in delhi
Sabse Sasti Sabji Mandi: दिल्ली सिर्फ अपने बड़े मॉल, इमारतों और भीड़भाड़ वाले बाजारों के लिए ही नहीं, बल्कि सस्ती खरीदारी के लिए भी जानी जाती है. अगर आप रोजमर्रा की सब्जियों और फलों को कम कीमत में खरीदना चाहते हैं, तो चलिए आज आपको बताते हैं दिल्ली की एक ऐसी मार्केट के बारे में, जहां सुबह से लेकर रात तक खरीद-बिक्री का बड़ा कारोबार चलता है और हजारों लोग रोज यहां से सब्जियां और फल खरीदते हैं.
दिल्ली की सबसे बड़ी सब्जी मंडी
दिल्ली की सबसे बड़ी सब्जी मंडी का नाम है उत्तर-पश्चिम दिल्ली में स्थित आजादपुर मंडी. ये एशिया की सबसे बड़ी फल और सब्जी मंडियों में से एक है. यहां देश के अलग-अलग राज्यों से ट्रकों में भरकर ताजा सब्जियां और फल आते हैं. आलू, प्याज, टमाटर से लेकर हरी सब्जियां और मौसमी फल तक यहां थोक में आसानी से मिल जाते हैं. यही वजह है कि दिल्ली की छोटी दुकानों और रेहड़ी वालों की बड़ी सप्लाई यहीं से होती है.
मंडी जाने का सही समय
अगर आप ताजा सामान लेना चाहते हैं तो सुबह 4 बजे से 8 बजे के बीच जाना सबसे अच्छा रहता है. इस समय आपको नई फसल का ताजा माल मिलता है और भीड़ भी कम रहती है. वहीं अगर आप सबसे सस्ता सामान खरीदना चाहते हैं तो शाम 6 बजे के बाद जाना बेहतर माना जाता है.
शाम को गिर जाते हैं दाम
दिनभर की बिक्री के बाद शाम तक कई दुकानदारों के पास बचा हुआ सामान रह जाता है. खराब होने के डर से वे उसे जल्दी बेचने की कोशिश करते हैं. इसलिए शाम होते ही टमाटर, केला और हरी पत्तेदार सब्जियां काफी सस्ते दामों पर मिल जाती हैं.
क्या खरीदें और क्या न लें
मंडी में मौसमी फल, थोक सब्जियां और बड़ी मात्रा में खरीदारी के लिए अच्छा विकल्प मिलता है. लेकिन बहुत ज्यादा चमकदार या केमिकल लगे फल, कटे-फटे सामान और देर तक रखा पत्तेदार साग लेने से बचना चाहिए. अगर आप पहली बार जा रहे हैं तो कम मात्रा में खरीदारी करना ही समझदारी होती है.
ये भी पढ़ें: