scorecardresearch

ट्रिप पर हुआ झगड़ा तो बच्चों को होटल में छोड़कर भागे माता-पिता, पुलिस के समझाने पर मां पहुंची लेने

बीजिंग के चाओयांग जिले की पुलिस के अनुसार, 22 जनवरी को उन्हें एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने बताया कि वह अपने दोस्तों के दो बच्चों की देखभाल कर रहा है. ये बच्चे 7 साल और 5 साल के हैं. ये बच्चे अपने माता-पिता के साथ बीजिंग घूमने आए थे. ट्रिप के दौरान पति-पत्नी के बीच जोरदार झगड़ा हो गया.

Chinese Couple Abandoning Young Children: AI Image Chinese Couple Abandoning Young Children: AI Image
हाइलाइट्स
  • ट्रिप पर दोनों पति-पत्नी में हुआ झगड़ा

  • बच्चों ने की मां-बाप को बचाने की कोशिश

चीन की राजधानी बीजिंग से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कपल मामूली झगड़े के बाद अपने छोटे बच्चों को होटल में छोड़कर शहर से ही चले गए. बच्चों की देखभाल कपल का दोस्त कर रहा है.

दोनों पति-पत्नी में हुआ झगड़ा
बीजिंग के चाओयांग जिले की पुलिस के अनुसार, 22 जनवरी को उन्हें एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने बताया कि वह अपने दोस्तों के दो बच्चों की देखभाल कर रहा है. ये बच्चे 7 साल और 5 साल के हैं. ये बच्चे अपने माता-पिता के साथ बीजिंग घूमने आए थे. ट्रिप के दौरान पति-पत्नी के बीच जोरदार झगड़ा हो गया. दोनों में से कोई भी बच्चों की जिम्मेदारी लेना नहीं चाहता था, क्योंकि उन्हें लगा कि ऐसा करना झगड़े में हार मानने जैसा होगा. आखिरकार दोनों बच्चों को होटल में छोड़कर शहर से निकल गए.

दोस्त ने पुलिस को दी सूचना
माता-पिता के जाने के बाद उनके एक दोस्त को बच्चों की देखभाल करनी पड़ी. जब वह उनसे संपर्क नहीं कर सका, तो उसने पुलिस को जानकारी दी. पुलिस होटल पहुंची और बच्चों को संभाला, लेकिन उन्हें यह तक नहीं पता था कि उनके माता-पिता कहां हैं. इसके बाद पुलिस बच्चों को थाने ले गई और माता-पिता से संपर्क करने की कोशिश की. मां का फोन नहीं लग रहा था, जबकि पिता ने साफ कह दिया कि वह बीजिंग छोड़ चुके हैं और वापस नहीं आ सकते.

बच्चों ने की मां-बाप को बचाने की कोशिश
इस दौरान 7 साल का बच्चा अपने माता-पिता का बचाव करता नजर आया. उसने पुलिस से कहा कि उसकी मां ट्रेन में है और इसलिए नहीं आ पा रही.  रात में बच्चों को पुलिस के डॉर्मिटरी में ठहराया गया और उन्हें बीजिंग के खास व्यंजन भी दिए गए, ताकि वे सहज महसूस कर सकें. काफी समझाने के बाद अगले दिन मां बच्चों को लेने पहुंची. पुलिस ने उसे सख्त लहजे में कहा, 'जब आपने बच्चों को इस दुनिया में लाने का फैसला किया है, तो उनकी जिम्मेदारी भी आपको ही निभानी होगी.'

सोशल मीडिया पर गुस्सा, सख्त सजा की मांग
जैसे ही यह मामला सामने आया, लोगों ने माता-पिता को भला-बुरा कहना शुरू कर दिया. कई यूजर्स ने कहा कि इतने गैरजिम्मेदार लोगों को माता-पिता बनने का हक नहीं होना चाहिए. कुछ ने इसे बच्चों को छोड़ने का अपराध बताते हुए सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की. चीनी कानून के मुताबिक, किसी नाबालिग की देखभाल न करने पर पांच साल तक की सजा हो सकती है.