dating apps for jobs
dating apps for jobs
जॉब ढूंढ़ने के लिए आमतौर पर लोग LinkedIn जैसे जॉब पोर्टल्स का सहारा लेते हैं, लेकिन चीन में तस्वीर कुछ अलग ही है. यहां के युवा अब डेटिंग ऐप्स पर नौकरी तलाश रहे हैं, जबकि कुछ लोग जॉब प्लेटफॉर्म को डेटिंग के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं. बढ़ती बेरोजगारी और कम रिस्पॉन्स से परेशान युवाओं के पास यही आखिरी रास्ता बचा है.
बेरोजगारी से बदली सोच
चीन में 16 से 24 साल के युवाओं में बेरोजगारी दर 16% से ऊपर बनी हुई है. कई युवा बताते हैं कि वे रोज सैकड़ों नौकरियों के लिए आवेदन करते हैं, लेकिन जवाब बहुत कम मिलता है. ऐसे में उन्होंने अलग तरीके से नेटवर्किंग शुरू कर दी है.
डेटिंग ऐप बना जॉब नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म
कई युवा अब अपने डेटिंग प्रोफाइल में ही लिख देते हैं कि वे नौकरी की तलाश में हैं. मैच होने के बाद वे सामने वाले से करियर सलाह या रेफरल मांगते हैं.
एक महिला ने बताया कि उसका मैच एक ऐसे व्यक्ति से हुआ, जिससे उसे कोई खास कनेक्शन महसूस नहीं हुआ, लेकिन वह उसकी ड्रीम कंपनी में काम करता था. बाद में उसी व्यक्ति ने उसे नौकरी के लिए रेफर कर दिया.
जॉब ऐप पर शुरू हुई डेटिंग
कुछ लोग तो जॉब प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल डेटिंग के लिए कर रहे हैं. एक यूजर ने तो रिक्रूटर से ही उसके रिलेशनशिप स्टेटस के बारे में पूछ लिया.
एक HR प्रोफेशनल ने बताया कि एक उम्मीदवार से बातचीत इतनी दिलचस्प रही कि नौकरी न मिलने के बावजूद दोनों दोस्त बन गए.
ऐप्स भी बदल रहे हैं अपना रूप
चीन की एक बड़ी जॉब वेबसाइट Boss Zhipin ने अपने प्लेटफॉर्म Kanzhun को डेटिंग ऐप में बदल दिया है. यहां यूजर्स की जानकारी जैसे नौकरी, आय, एजुकेशन तक वेरिफाई की जाती है. यहां रोज केवल 10 प्रोफाइल ही दिखाए जाते हैं, ताकि लोग गंभीरता से चयन करें.
जॉब सर्च के दौरान ही मिल गया प्रपोजल
कुछ युवाओं का मानना है कि डेटिंग ऐप पर लोग ज्यादा सम्मानजनक तरीके से जवाब देते हैं. लेकिन इसके साथ जोखिम भी जुड़े हैं. एक महिला ने बताया कि जॉब सर्च के दौरान एक व्यक्ति ने उसे प्रपोज कर दिया, जिससे वह परेशान हो गई. डेटिंग ऐप्स पर वेरिफिकेशन कम होता है, जिससे डेटा लीक या फ्रॉड का खतरा बढ़ जाता है.