Cow Dung Soup
Cow Dung Soup
अब तक आपने टमाटर, चिकन या वेज सूप का स्वाद तो जरूर चखा होगा, लेकिन क्या आपने कभी गोबर से बना सूप पिया है? सुनकर भले ही अजीब लगे, लेकिन चीन के एक इलाके में यह डिश न सिर्फ बनाई जाती है, बल्कि लोग इसे बड़े चाव से खाते भी हैं.
क्या है ये अनोखी डिश?
दक्षिण-पश्चिम चीन के गुइझोउ प्रांत में न्यूबिए हॉटपॉट नाम की एक खास डिश बनाई जाती है. इसे लोकल भाषा में काउ डंग यानी गोबर हॉटपॉट भी कहा जाता है. हालांकि, यह पूरी तरह गोबर नहीं होता, बल्कि गाय के पेट में मौजूद अधपचा घास और पाचक तरल (बाइल) से तैयार किया जाता है.
कैसे बनता है ये सूप?
इस डिश को बनाने की प्रक्रिया थोड़ी अलग होती है. सबसे पहले गाय को खास तरह की घास और जड़ी-बूटियां खिलाई जाती हैं, फिर उसके पेट से अधपचा पदार्थ निकाला जाता है, इसे साफ करके मसालों के साथ पकाया जाता है. किचन में इसे लहसुन, अदरक, हरी प्याज और मिर्च के साथ पकाया जाता है, जिससे इसका स्वाद और खुशबू सामान्य सूप जैसी लगती है.
स्वाद कैसा होता है?
पहली बार सुनने में यह डिश भले ही अजीब लगे, लेकिन खाने वाले बताते हैं कि इसका स्वाद उतना खराब नहीं होता.
इसमें शुरुआत में मसालेदार बीफ सूप जैसा स्वाद आता है, लेकिन बाद में हल्का कड़वापन महसूस होता है, जो जड़ी-बूटियों जैसा लगता है.
क्यों खाते हैं लोग?
गुइझोउ के मियाओ और डोंग समुदाय के लिए यह सिर्फ खाना नहीं, बल्कि परंपरा का हिस्सा है. यह सूप पाचन में मदद करता है. गर्मी के दिनों में यह शरीर को ठंडा रखने में सहायक होता है. इसे एक तरह का औषधीय भोजन माना जाता है.
चीन में इस तरह की डिश को डार्क क्यूजीन कहा जाता है. इसमें ऐसे अजीब और अलग तरह के खाने शामिल होते हैं, जो पहली नजर में चौंकाते हैं लेकिन कई बार स्वाद में अच्छे निकलते हैं. हालांकि, यह डिश सभी को पसंद नहीं आती. यहां तक कि गुइझोउ के कुछ लोग भी इसे खाने से हिचकते हैं. कई लोगों का कहना है कि वे इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री को स्वीकार नहीं कर पाते, भले ही इसका स्वाद ठीक क्यों न हो.
क्या है इस सूप से जुड़ी कहानी
गुइझोउ पहाड़ी इलाका है, जहां पहले खाने-पीने के साधन सीमित थे. ऐसे में लोगों ने जो भी उपलब्ध था, उसी से नए-नए व्यंजन बनाए. इसी वजह से यहां का खाना आज भी अनोखा और अलग पहचान रखता है.
भी पढ़ें